पीएम मोदी के खिलाफ केजरीवाल ने क्यों शेयर किया कांग्रेस के साथ मंच? खुद बताई बड़ी वजह
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल कांग्रेस के साथ गठबंधन की पूरी कोशिश करते रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने कहा था कि वे कांग्रेस को बार-बार मनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी कुछ समझने को तैयार नहीं है। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि पीएम मोदी और बीजेपी के खिलाफ लड़ने के लिए कांग्रेस या अन्य विपक्षी दलों के साथ मंच साझा करना उनकी मजबूरी है।

'सालों में पीएम मोदी और अमित शाह ने देश का बेड़ा गर्क किया'
इंडिया टुडे से बातचीत में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 5 सालों में पीएम मोदी और अमित शाह ने देश का बेड़ा गर्क किया है। अब इस देश को बचाना जरूरी है। जब उनसे कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सवाल किया गया तो केजरीवाल बोले, 'नहीं हो रहा, ऐसा कांग्रेस नेताओं ने कहा है।' उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में कांग्रेस-आप का गठबंधन होता तो बीजेपी को आसानी से हराया जा सकता था।

केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक राजधानी में अपराध रोकने में असमर्थ हैं क्योंकि दिल्ली पुलिस उनकी सरकार के अधीन नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्र के अधीन है। एक आम आदमी पीएम मोदी और गृहमंत्री से नहीं मिल सकता है लेकिन वह मुख्यमंत्री से मिल सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए।

पूर्ण राज्य की मांग पर अरविंद केजरीवाल अड़े
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जानबूझकर दिल्ली सरकार के सारे अधिकार छीन लिए। उन्होंने आरोप लगाया, 'अधिकारियों को धमकाया जाता है कि अगर वे दिल्ली सरकार और केजरीवाल के लिए काम करेंगे तो अच्छा नहीं होगा।' केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों का अपमान क्यों किया जा रहा है? क्यों बाकी राज्यों के लोगों की तुलना में दिल्ली के लोगों के वोट की कीमत कम है? उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाता है तो वे रोजगार के लाखों अवसर पैदा कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications