दिल्ली में लगातार कोरोना के बढ़ रहे मामले, अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह से की मुलाकात
नई दिल्ली। देश की राजधानी में हर रोज कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हो रहा है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई, इस दौरान दिल्ली में कोरोना वायरस को लेकर उनसे विस्तार से बात हुई, उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वह इस लड़ाई में हमारी हर संभव मदद करेंगे।

Recommended Video
बता दें कि आज दिल्ली में कोरोना वायरस के 1501 नए मामले सामने आए हैं, इसके साथ ही यहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 32000 को पार कर गई है, जबकि कुल 984 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है। बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सिर्फ दिल्लीवालों के इलाज का आदेश दिया था, जिसे उपराज्यपाल ने पलट दिया था। उपराज्यपाल ने कहा था कि यह मौलिक अधिकार है और इससे किसी को भी वंचित नहीं किया जा सकता है।
आज हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली में आने वाले समय में कोरोना ब्लास्ट होने वाला है। राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि दिल्ली के सभी अस्पतालों में अब केंद्र के आदेश के अनुसार सभी का इलाज किया जाएगा। अभी 18 हजार लोगों का इलाज जारी है, इनमें 15 हजार लोग अपने घरों में हैं। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली में कोरोना बहुत तेजी से फैलने वाला है, 15 जून को 44 हजार केस हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 जुलाई तक हमें 80 हजार बेड की जरूरत पड़ेगी। जितने बेड हमें दिल्ली वालों के लिए चाहिए, उतने ही हमें बाहर से आने वालों के लिए चाहिए। यानी अगर दिल्ली में 33 हजार बेड की जरूरत होगी, तो बाहर से आने वालों के लिए मिलाकर कुल 65 हजार बेड की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications