योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को खुद पार्टी से निकालेंगे केजरीवाल
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी कर ली है। पार्टी के एक अहम नेता की मानें तो 28 मार्च को 350 सदस्यों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की होने वाली बैठक में दोनों नेताओं को पार्टी से बाहर किया जाना तय है।

पार्टी के सूत्रों की मानें तो बेंगलुरू के जिंदल अस्पताल में इलाज कराकर लौटे केजरीवाल पार्टी के कंवीनर पद से इस्तीफा दे सकते हैं। यही नहीं कंवीनर के पद के लिए आशुतोष, संजय सिंह और आशीष खेतान सबसे आगे हैं।
माना जा रहा है कि संजय सिंह को पार्टी की कंवीनर बनाया जा सकता है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि आज केजरीवाल ने एक बैठक बुलाई है जिसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है। साथ ही योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को पार्टी से बाहर निकालने के लिए अध्यादेश पास किया जा सकता है।
गौरतलब है कि यादव और भूषण को पहले ही पीएसी और एनई से बाहर किया जा चुका है। हालांकि प्रशांत भूषण ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने केजरीवाल को मैसेज करके उनसे मिलने की बात कही है। प्रशांत भूषण ने कहा कि वह विवाद को खत्म करना चाहते हैं लेकिन केजरीवाल के समर्थक और केजरीवाल खुद इसके लिए तैयार नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications