इस राज्य में BJP चुनाव से हफ्तों पहले कैसे जीत गई 10 सीटें? कांग्रेस तो 26 सीटों पर उम्मीदवार के लिए भी तरस गई
Arunachal Pradesh Assembly Election 2024: अरुणाचल प्रदेश में मतदान से हफ्तों पहले बीजेपी एक नहीं, बल्कि 10-10 सीटें निर्विरोध जीत गई है। अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा चुनावों के पहले चरण के साथ ही विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं। लेकिन, मतदान से पहले ही नाम वापसी की मियाद खत्म होते ही सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के 10 उम्मीदवार विजय घोषित किए गए हैं।
राज्य में सत्ताधारी भाजपा के जिन उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया है, उनमें मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ ही उपमुख्यमंत्री चोवना मीन भी शामिल हैं। अरुणाचल विधानसभा में 60 सीटें हैं और बीजेपी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। लेकिन, 10 सीटों पर उसके मुकाबाले एक भी उम्मीदवार नहीं उतरा, जिसकी वजह से उसके प्रत्याशियों को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया है।

कांग्रेस को 26 सीटों पर नहीं मिला उम्मीदवार
अरुणाचल प्रदेश में आलम ये है कि कांग्रेस जैसी पार्टी को भी 60 में से सिर्फ 34 सीटों पर ही उम्मीदवार मिला है। 26 सीटों पर वह चुनाव मैदान में भी नहीं है। बीजेपी के अलावा कोई भी राजनीतिक दल ऐसा नहीं है, जो सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार सके हों।
अरुणाचल में 10 सीटों पर सिर्फ बीजेपी ने ही दिए थे उम्मीदवार
अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा की सभी 60 सीटों के लिए भी चुनाव निर्धारित किया गया था। लेकिन, नामांकन वापस लेने की तारीख खत्म होने के बाद शनिवार को भाजपा के 10 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
बीजेपी ने 100% सीटें जीतने का किया दावा
इस अप्रत्याशित जीत पर मुख्यमंत्री खांडू ने कहा, 'आने वाले दिनों में बाकी बची 50 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर जब मतदान होगा तो लोग बीजेपी के पक्ष में भारी मतदान करेंगे, क्योंकि मतदाता सरकार के काम से संतुष्ट हैं और आज जो हुआ वह इस बात की साफ तौर पर पुष्टि है कि हमारा परिणाम 100% होगा।'
अरुणाचल में निर्विरोध चुनाव जीतने का ट्रेंड पुराना है
अरुणाचल प्रदेश में निर्विरोध चुनाव जीतने का ट्रेंड 1990 के दशक में ही शुरू हो चुका था। 2009 में जब वहां कांग्रेस सत्ता में थी तो वह तवांग जिले की सभी सीटें निर्विरोध ही जीती थी, जिस जिले से मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी आते हैं।
2019 में भी बीजेपी 3 सीटें निर्विरोध जीती थी
2014 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री को चुनाव जीतने के लिए मतदान और मतगणना का इंतजार नहीं करना पड़ा था। 2019 के चुनाव में भी बीजेपी के 3 एमएलए वहां निर्विरोध ही चुने गए थे।
2019 में बीजेपी दोनों लोकसभा और 41 विधानसभा सीट जीती थी
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 2 जून को मतगणना होगी, जबकि लोकसभा के चुनाव परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे। 2019 में भी राज्य में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ ही हुए थे और बीजेपी ने दोनों लोकसभा सीट और 41 विधानसभा सीट जीतकर सरकार बनाई थी।
विधानसभा में 60 में से 52 बीजेपी के विधायक
2019 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू 7, एनपीपी 5, कांग्रेस 4, पीपीए 1 सीट पर चुनाव जीती थी और 2 सीटें निर्दलीयों के खाते में गई थी। अभी राज्य में बीजेपी के 52 विधायक हैं, जबकि जेडीयू शून्य पर पहुंच चुका है। एनपीपी के पास 4, कांग्रेस के पास 1 पीपीए के पास शून्य विधायक हैं और निर्दलीयों की संख्या 3 हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications