सरकार के पास नहीं है ब्लैकमनी का कोई आंकड़ाः जेटली
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को राज्यसभा में बताया कि सरकार के पास विदेश में जमा ब्लैकमनी का कोई आंकड़ा नहीं है। सरकार विभिन्न चैनलों से प्राप्त जानकारी के भरोसे है।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को राज्य सभा में दिए गए एक बयान में बताया कि नोटबंदी के बाद आयकर विभाग ने 1,100 से अधिक छापेमारी और सर्वेक्षण में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित संपत्ति जब्त की है। जेटली ने बताया कि नोटबंदी के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। आयकर विभाग की कार्रवाई में ऐसे 18 लाख लोगों की पहचान की गई जिनकी टैक्स प्रोफाइल नोटबंदी के दौरान उनके द्वारा जमा किए गए नकदी के अनुरूप नहीं थीं। विभाग ने ऐसे लोगों से ऑनलाइन प्रतिक्रियाओं की मांग की थी।

वित्त मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि इससे पहले किसी सरकार ने ब्लैक मनी के खिलाफ कोई इतना एक्शन नहीं लिया जितना उनकी सरकार ले रही है। जेटली ने कहा कि रिजर्व बैंक नोटबंदी के दौरान जमा हुई सटीक धनराशि की पुष्टि कर रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी वैसे ही देश के समक्ष सभी आंकड़े पेश किए जाएंगे।
'आंकड़ा नहीं लेकिन कार्रवाई जारी'
उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में जमा काले धन का कोई आधिकारिक अनुमान नहीं है। लेकिन विभिन्न चैनलों से प्राप्त सूचना के आधार पर जहां भी जरूरी होता है सरकार आपराधिक कार्यवाही सहित एक्शन ले रही है। राज्यसभा में सपा नेता नरेश अग्रवाल ने ब्लैक मनी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने लोगों से वादा किया था कि यदि ब्लैक मनी भारत में वापस आ जाए तो प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए होंगे। इसी का जवााब देते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा- नोटबंदी की अविध के दौरान जिसमें 9 नवंबर 2016 से लेकर 10 जनवरी 2017 तक 1100 से अधिक रेड डाली गईं।
18 लाख लोग आईटी की रडार पर!
उन्होंने कहा कि आयकर विभाग ने संदिग्ध रूप से अधिक कैश जमा करने वालों को 5,100 से अधिक सत्यापन नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जेटली ने कहा कि करीब 110 करोड़ रुपये नए नोटों की नकदी जब्त की गई। उन्होंने कहा कि करीब 18 लाख लोग आयकर विभाग की राडार पर हैं। नोटबंदी के दौरान आयकर विभाग ने ऐसे 18 लाख लोगों की पहचान की है जिन्होंने नोटबंदी के दौरान अपनी आयकर प्रोफाइल के विपरीत नकदी जमा की है।












Click it and Unblock the Notifications