उत्तरी सिक्किम में बड़ा हादसा, सेना का वाहन खाई में गिरा, 16 जवानों की मौत
उत्तरी सिक्किम में भारतीय सेना का एक वाहन खाई में गिर गया। जिसमें 16 जवानों की मौत हुई।

सिक्किम में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां भारतीय सेना का वाहन खाई में गिर गया। घटना के तुरंत बाद सेना और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना में अभी तक 16 जवानों की मौत हुई है, जबकि कई जवान गंभीर रूप से घायल हैं। जिनको नजदीकी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। साथ ही जवानों को जल्दी अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए भारतीय वायुसेना की भी मदद ली गई।
सेना की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक तीन वाहनों का काफिला शुक्रवार सुबह चटन से थंगू की ओर निकला था। जेमा के रास्ते में खड़ी ढलान आई और उसकी वजह से एक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। जिस वजह से वाहन नीचे खाई में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस घटना में अभी तक तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों की मौत हुई है। वहीं चार जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनको हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। उसे कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाल लिया गया है।
वहीं भारतीय सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि इस दुख की घड़ी में हम जवानों के परिवार के साथ हैं। उनकी हर संभव मदद की जाएगी। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज मुहैया करवाया जा रहा है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख
वहीं घटना पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की मौत से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं, मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications