पहलगाम का आर्मी गुडविल स्कूल अब होगा ले.उमर फैयाज गुडविल स्कूल
भारतीय सेना के अधिकारियों ने की शहीद लेफ्टिनेंट उमर फैयाज के माता-पिता से मुलाकात। सेना ने कहा पहलगाम के उस आर्मी गुडविल स्कूल का नाम लेफ्टिनेंट के नाम पर होगा जहां पर उन्होंने की थी पढ़ाई।
श्रीनगर। भारतीय सेना ने ऐलान किया है कि वह कश्मीर के पहलगाम के आर्मी गुडविल स्कूल का नाम बदलकर लेफ्टिनेंट उमर फैयाज के नाम पर रखेगी। शोपियां में मंगलवार को लेफ्टिनेंट उमर फैयाज को अगवा कर उनकी हत्या कर दी थी। ले. फैयाज इसी आर्मी स्कूल में पढ़े थे।

अधिकारियों ने की घरवालों से मुलाकात
जीओसी विक्टर फोर्स बीएस राजू और सेना के कुछ और अधिकारियों ने ले.फैयाज के घर जाकर उनके माता-पिता से मुलाकात की। इसी मुलाकात के बीद बीएस राजू ने इस बात की जानकारी दी की अब आर्मी गुडविल स्कूल को लेफ्टिनेंट उमर फैयाज गुडविल स्कूल के तौर पर जाना जाएगा। ले. फैयाज की शोपियां से जिन आतंकवादियों ने अगवा कर हत्या की वह लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिद्दीन के छह आतंकवादी थे। रक्षा सूत्रों की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है और इन सभी छह आतंकियों की पहचान भी कर ली है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने हिजबुल मुजाहिद्दीन के उन तीन आतंवादियों के पोस्टर शोपियां में लगाए हैं जिन्होंने इंडियन आर्मी के 23 वर्ष के लेफ्टिनेंट उमर फैयाज की हत्या की थी। न केवल शोपियां बल्कि साउथ कश्मीर के हर हिस्से में इन पोस्टर्स को देखा जा सकता है। इन तीन आतंकियों के नाम हैं इश्फाक अहमद ठोकर, ग्यास-उल-इस्लाम और अब्बास अहमद भट।
हिजबुल और लश्कर के आतंकियों ने की हत्या
ले. फैयाज दिसंबर 2016 में सेना में कमीशंड हुए थे। उन्हें दो राजपूताना राइफल्स में कमीशन मिला था। वह शोपियां अपनी मौसी के घर पर एक शादी में शिरकत करने के लिए गए थे। वह कुलगाम के रहने वाले थे। हिजबुल मुजाहिद्दीन की ओर से हालांकि कहा गया है कि उसके आतंकियों ने ले. फैयाज की हत्या नहीं की है। संगठन की मानें तो उसके आतंकी इस तरह का अपराध करने में यकीन नहीं रखते हैं। आतंकियों ने न सिर्फ ले. फैयाज को अगवा किया बल्कि उन्हें बुरी तरह से पीटा और फिर शोपियां के एक बस स्टैंड पर भीड़ के सामने उन्हें गोली मार दी।












Click it and Unblock the Notifications