दो दिवसीय दौरे पर मणिपुर रवाना हुए सेना प्रमुख मनोज पांडे, हिंसाग्रस्त इलाकों का लेंगे जायजा
भारतीय सेना प्रमुख मनोज पांडे मणिपुर में हिंसाग्रस्त इलाकों का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। वो वहां पर इलाकें में शांति के लिए सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे।

मणिपुर में बीते कई दिनों से हो रही हिंसा का जायजा लेने के लिए भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। मणिपुर में सेना प्रमुख स्थिति को काबू में लाने के लिए किए गए उपायों के बारे में पूर्वी कमान के अधिकारियों से जानकारी लेंगे।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने बताया कि सेना प्रमुख मनोज पांडे दो दिवसीय मणिपुर दौरे पर हैं। इस दौरान वो हिंसा के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। साथ ही पूर्वी कमान के अधिकारी हिंसा प्रभावित इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए अहम कदमों के बारे में बताएंगे।
मणिपुर में स्थिति को काबू में लाने के लिए 130 कॉलम की तैनाती की गई है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों पर मानव रहित हवाई वाहनों से नजर रखी जा रही है। हिंसा के चलते मणिपुर से 45 हजार लोग विस्थापित हो चुके हैं। वहीं, इलाके में 3 मई से कर्फ्यू लगा हुआ है। साथ ही इंटरनेट सुविधाएं भी ध्वस्त पड़ी हैं।
बता दें कि मणिपुर में आदिवासियों को लेकर कुछ खास कानून हैं, जिसके तहत वे पहाड़ी इलाकों में रह सकते हैं। वहीं, मैतई समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा न मिलने के कारण वो पहाड़ी इलाकों में नहीं बस सकते हैं। जिसके लिए मैतेई समाज खुद को अनुसूचित जाति का दर्जा हासिल करवाने की मांग कर रही है।
मणिपुर में 3 मई को मैतई और कुकी समुदाय में अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग के विरोध में हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में अब तक 70 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications