अनुराग ठाकुर बोले-पहले इटालियन महिला PM का अपमान करती थी, अब एक इटालिया उनकी मां का अपमान कर रहा है
Anurag Thakur, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान करने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पहले इटली की एक महिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करती थी और अब एक इटालिया पीएम की मां का अपमान कर रहा है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। वह बिना नाम लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और गुजरात आप प्रभारी गोपाल इटालिया पर निशाना साध रहे थे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस माटी में महिला का सम्मान ना हो, 98 साल की मां के लिए अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करें उनकी पार्टी की विचारधारा, संस्कृति क्या होगी ? गुजरात के निवासियों बस सभी को कमल का बटन दबाना है ताकि आने वाले चुनाव में उनकी जमानत जब्त हो जाए। उन्होंने दावा किया कि गुजरात ने पहले भी इस अपमान को स्वीकार नहीं किया था, वह इसे अब भी स्वीकार नहीं करेगा। ठाकुर ने कहा कि गुजरात इसका करारा जवाब देगा।
गुजरात गौरव यात्रा के चौथे दिन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुजरात के सुरेंद्रनगर व वढवाण में जनसभाओं को संबोधित किया। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया को गुरुवार को हिरासत में लिया गया था। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा सरिता विहार पुलिस स्टेशन ले जाया गया था।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गोपाल इटालिया पर निशाना साधते हुए कहा था, 'आप का एक नेता एक 100 वर्षीय महिला का अपमान इसलिए करता है क्योंकि उस मां ने ऐसे बेटे को जन्म दिया जिसने देश का आशीर्वाद पाकर प्रधानसेवक का दायित्व निभा रहा है। अरविंद केजरीवाल जानते हैं कि गुजरात के उनके नेता हिंदू समाज का अपमान करते रहे।
ईरानी ने कहा था कि, मंदिर में महिला की भूमिका पर मर्यादा से परे हटकर टिप्पणी की और अब पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी कर अपनी राजनीति चमकाना चाहता है। भाजपा 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक पांच रूटों पर 'गुजरात गौरव यात्रा' का आयोजन कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications