कंगना रनौत को लेकर यूजर ने अनुपम खेर से पूछा एक सवाल तो मिला यह जवाब
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' की रिलीज के दौरान एक चौंकाने वाली टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें कोई समर्थन नहीं करता जबकि वो अपनी फिल्मों में बेहतरीन परफॉर्मेंस देती हैं। उनकी इस टिप्पणी के बाद बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने उनका समर्थन किया है। हालिया रिलीज फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' में नजर आए दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने कंगना रनौत को रॉकस्टार को बताया है। उन्होंने कहा कि वह बेहतरीन हैं। मैं उनके साहस और परफॉर्मेंस की सराहना करता हूं।

कंगना रनौत के समर्थन में आए अनुपम खेर
अभिनेता अनुपम खेर ने कंगना रनौत का समर्थन करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण की मिसाल बताया है। दरअसल, अनुपम खेर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर सवाल-जवाब का एक सेशन रखा था, जहां उनके एक फॉलोवर ने उनसे कंगना रनौत के समर्थन में ट्वीट करने की अपील की। यूजर ने पूछा, "बॉलीवुड में कोई भी कंगना की फिल्म 'मणिकर्णिका' का समर्थन नहीं कर रहा है। क्या आप उनके सपोर्ट में ट्वीट करेंगे?"
यूजर के कमेंट पर अनुपम खेर ने कंगना को बताया- 'रॉकस्टार'
अनुपम खेर ने भी अपने इस फैन के इच्छा को पूरा किया उन्होंने ट्विटर पर कमेंट का जवाब देते हुए लिखा- "कंगना रनौत (#KanganaRanaut) एक रॉकस्टार हैं। वह बेहतरीन हैं। मैं उनकी बहादुरी और परफॉर्मेंस की तारीफ करता हूं। वह महिला सशक्तिकरण (#WomenEmpowerment) का असली उदाहरण भी हैं।' फिलहाल अनुपम खेर के इस ट्वीट से ये माना जा रहा कि कंगना रनौत की थोड़ी शिकायत जरूर कम हुई होगी।

'मणिकर्णिका' का सपोर्ट नहीं करने की वजह से कंगना ने जताई थी नाराजगी
बता दें कि कंगना रनौत की फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार कर रही है। फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स से कंगना रनौत बेहद खुश हैं, हालांकि इससे पहले उन्होंने बॉलीवुड में कुछ लोगों पर दोहरे रवैये को लेकर सवाल भी उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म इंडस्ट्री की कुछ बड़ी हस्तियां उनकी फिल्मों को प्रमोट नहीं करते हैं। कंगना ने आलिया भट्ट और आमिर खान का नाम लेते हुए उन पर हमला किया।

'मैं किसी को भी बख्शने वाला नहीं हूं, इनकी वाट लगा दूंगी'
हाल में एक इंटरव्यू के दौरान कंगना रनौत ने दावा किया कि मेरे 'भाई-भतीजावाद' वाले बयान पर फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग गैंग बना रहे हैं, लेकिन वो डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक बात सुनिश्चित है, मैं किसी को भी बख्शने वाला नहीं हूं। अब मैं इनके पीछे पड़ जाऊंगी और इनकी वाट लगा दूंगी। मैं एक-एक को एक्सपोज कर दूंगी। सब लोग मिलकर मेरे खिलाफ काम कर रहे हैं। कंगना ने फिल्म जगत से जुड़े लोगों से कहा उन्हें कुछ हिम्मत दिखाना चाहिए और महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रवाद की बात करने वाली फिल्म का समर्थन करना चाहिए।

कंगना की नाराजगी पर आलिया भट्ट ने दिया ये जवाब
कंगना की नाराजगी पर अब आलिया भट्ट की प्रतिक्रिया आई है। आलिया भट्ट ने कहा कि अगर कंगना उनसे नाराज हैं तो वे पर्सनली उनसे माफी मांगेंगी। आलिया ने आगे कहा कि मुझे नहीं लगता कि कंगना मुझे नापसंद करती हैं। मुझे ये भी नहीं लगता कि मैंने जानबूझकर उन्हें नाराज किया होगा। अगर मैंने ऐसा किया है तो मैं उनसे निजी तौर पर माफी मांगूंगी। इतना ही नहीं फिल्म 'गली ब्वॉय' के प्रमोशन में पहुंचीं आलिया भट्ट ने कहा कि वे कंगना को हमेशा से पसंद करती हैं।












Click it and Unblock the Notifications