दंतेवाड़ा नक्सली हमले के पीछे चुनाव प्रभावित करने की कोशिश नहीं: डीजी, एंटी नक्सल ऑपरेशन
दंतेवाड़ा नक्सली हमले के पीछे चुनाव प्रभावित करने की कोशिश नहीं: एंटी नक्सल ऑपरेशन डीजी
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मंगलवार को पुलिस और मीडिया की टीम पर हमले का मकसद राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करना नहीं है। ये बात स्पेशल डीजी, एंटी नक्सल ऑपरेशन डीएम अवस्थी ने कही है। अवस्थी ने बताया कि ये हमला दंतेवाड़ा के अरनपुर में एक सड़क निर्माण रोकने के लिए ये हमला हुआ है, इसका संबंध चुनाव से नहीं है। नक्सलियों ने यहां सड़क बनाने पर हमले की धमकी भी दी थी।

दंतेवाड़ा में पहले चरण में 12 नवंबर को मतदान होना है, ऐसे में इस हमले को चुनाव से जोड़ा जा रहा था। अवस्थी ने कहा कि हमारे पास सुरक्षाबलों की 650 कंपनियां हैं, जो पहले चरण का चुनाव संपन्न कराएंगी। ऐसे में हमें पूरा भरोसा है कि नक्सली चुनाव को प्रभावित नहीं कर पाएंगे और चुनाव शान्तिपूर्ण होगा।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी हमले की निंदा की है। सिंह ने कहा कि जिस तरह से ये हमला किया गया और इसमें मीडिया के लोगों को भी निशाना बनाया गया, उसकी जितनी भर्त्सना की जाए, कम है। हमले को लेकर केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा, ''कैमरामैन के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं उन सभी मीडिया कर्मियों को सलाम करता हूं जो इतनी खतरनाक जगहों पर कवरेज के लिए जाते हैं। उनकी बहादुरी को याद रखा जाएगा।'
बता दें कि मंगलवार को पुलिस की गश्ती टीम पर अरानपुर में नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में सब-इंस्पेक्टर रुद्र प्रताप, असिस्टेंट कॉन्स्टेबल मंगलू और डीडी न्यूज के कैमरामैन अच्युतानंद की मौत हो गई। अच्युतानंद साहू डीडी न्यूज की टीम के साथ छत्तीसगढ़ में चुनाव कवर करने वहां गए थे।












Click it and Unblock the Notifications