Election 2024: यहां 6 पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे लड़ रहे हैं चुनाव, कौन हैं दोबारा CM बनने की रेस में शामिल?
Andhra Pradesh Assembly Elections 2024: आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा चुनाव भी करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी दोबारा सत्ता में लौटने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके पिता वाईएस राजशेकर रेड्डी संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।
आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी एक बार फिर से पुलिवेंदुला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पिता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी भी इसी सीट से चुनाव लड़ते थे।

जगन मोहन रेड्डी की पार्टी जीती तो फिर बनेंगे सीएम
राजशेखर रेड्डी यहां से 1978 से लेकर 2009 तक 6 बार विधायक चुने गए थे। दूसरी बार सीएम बनने के कुछ समय बाद ही 2 सितंबर, 2009 को एक हेलीकॉप्टर हादसे में उनका निधन हो गया था। जगन मोहन की पार्टी इस बार फिर सत्ता में काबिज रहने के लिए मैदान में है।
पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू के बेटे हैं नारा लोकेश
इसी तरह राज्य के एक और पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश लगातार दूसरी बार मंगलगिरी विधानसभा क्षेत्र से किस्मत आजमा रहे हैं। वह पहली बार 2019 में भी इसी सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन जगन मोहन रेड्डी की लहर में वह अपना पहला ही चुनाव हार गए थे।
लोकेश के नाना और चंद्रबाबू नायडू के ससुर एनटी रामा राव (एनटीआर) भी पूर्व सीएम रहे हैं। टॉलीवुड के पूर्व सुपरस्टार ने ही 1982 में कांग्रेस के खिलाफ टीडीपी बनाई थी। इस बार लोकेश के सामने वाईएसआरसीपी की एम लावन्या चुनाव मैदान में हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एनटीआर के बेटे हैं एन बालाकृष्णा
इस चुनाव में राज्य के पूर्व सीएम के जो बेटे चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें तीसरा नाम टॉलीवुड अभिनेता एन बालाकृष्णा का है। ये एनटी रामा राव (एनटीआर) के बेटे हैं और हिंदुपुर सीट से मौजूदा एमएलए भी हैं और वहां से फिर से चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं।
हिंदुपुर सीट एनटीआर के परिवार की सीट मानी जाती है, जिसका प्रतिनिधित्व खुद रामा राव और उनके बड़े बेटे एन हरिकृष्णा भी कर चुके हैं। बालाकृष्णा लगातार दो बार 2014 और 2019 में इस सीट से चुनाव जीत रहे हैं और इस बार हैट्रिक की उम्मीद में मैदान में उतरे हैं।
पूर्व सीएम एन भास्कर राव के बेटे हैं एन मनोहर
इसी तरह तेनाली विधानसभा सीट से जनसेना नेता एन मनोहर एनडीए उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनके पिता एन भास्कर राव भी राज्य में मुख्यमंत्री रहे हैं। आंध्र प्रदेश में इस बार टीडीपी, जनसेना और बीजेपी का गठबंधन हुआ है और ये पार्टियों आपसी तालमेल से चुनाव लड़ रही हैं।
पूर्व सीएम एन जनार्दन रेड्डी के बेटे हैं एन रामकुमार रेड्डी
वेंकटगिरी विधानसभा सीट पर एन रामकुमार रेड्डी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वे पूर्व सीएम एन जनार्दन रेड्डी के बेटे हैं।
पूर्व मुख्यमंतरी के विजय भास्कर रेड्डी के बेटे धोने सीट से चुनाव मैदान में
धोने विधानसभा सीट पर नायडू की टीडीपी ने के सूर्य प्रकाश रेड्डी को टिकट दिया है। उनके पिता के विजय भास्कर रेड्डी भी राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications