आंध्र प्रदेश: 2024 के चुनाव पर जगन मोहन सरकार की नजर, बजट में कल्याणकारी योजनाओं की बौछार से मिले संकेत
Andhra Pradesh Budget 2023: बुधवार को राज्य विधानसभा के बजट सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि आंध्र प्रदेश अभिनव कल्याण और विकास गतिविधियों के माध्यम से देश के लिए एक 'आदर्श मॉडल राज्य' बन गया है।

कल्याणकारी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आंध्र प्रदेश के वित्त मंत्री बुगना राजेंद्रनाथ ने 2023-24 के लिए 2,79,279 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ वार्षिक बजट पेश किया। उन्होंने आने वाले वित्तीय वर्ष में लागू की जाने वाली विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए 54,228 करोड़ रुपये खर्च करने का एलान किया।
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पात्र गरीबों को पूरे 54,228 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। राज्य ने पिछले चार वर्षों में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अब तक गरीबों को औसतन 49,000 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के हिसाब से 1.97 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए हैं।
चूंकि चुनाव केवल 10 महीने दूर हैं, इसलिए वित्त मंत्री ने 54,228 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ कल्याणकारी योजनाओं के हिस्से को और बढ़ा दिया। राज्य सरकार वाईएस जगन मोहन रेड्डी के प्रमुख वादे- नवा रत्नालु के तहत कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। वित्त मंत्री ने गुरुवार को विधानसभा में बजट पेश किया. विपक्षी तेदेपा सदस्यों के नारेबाजी और विरोध के कारण बजट पेश करने में देरी हुई।
विधानसभा अध्यक्ष तम्मीनेनी सीताराम ने कहा कि विपक्षी सदस्यों द्वारा बजट पेश करने में बाधा उत्पन्न करना वास्तव में दुखद है। उन्होंने बार-बार सदस्यों से बजट पेश होने के बाद अपनी मांगों को उठाने का अनुरोध किया। स्पीकर थम्मिनेनी सीताराम, वित्त मंत्री बुगना राजेंद्रनाथ, मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बार-बार अपील के बावजूद टीडीपी सदस्यों ने प्रदर्शनकारी सदस्यों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बजट पेश करने का मार्ग प्रशस्त करने के लिए सभी विपक्षी सदस्यों को एक दिन के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया। वित्त मंत्री ने राजस्व व्यय 2,28,540 करोड़ रुपये रखा जबकि पूंजीगत व्यय 31,061 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा 22,316 करोड़ रुपये है। राजकोषीय घाटा 54,587 करोड़ रुपये है जो राज्य के अनुमानित जीएसडीपी का महज 3.7 प्रतिशत है। वित्त मंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश की विकास दर 11.43 प्रतिशत के साथ देश में सबसे अधिक है। जहां स्वास्थ्य क्षेत्र को 15,882 करोड़ रुपये, स्कूली शिक्षा को 29,690.71 करोड़ रुपये मिले। इसी तरह कृषि क्षेत्र को 11,589 करोड़ रुपये दिए गए। वाईएसआर पेंशन योजना को 21,434 करोड़ रुपये मिले।












Click it and Unblock the Notifications