अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से झटका! फिर जाना होगा जेल, किस वजह से मिली एक महिने की मोहलत?
Anant Singh Bail Cancelled: मोकामा के विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में मिली जमानत के मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उन्हें 1 दिसंबर तक आत्मसमर्पण कर दोबारा जेल जाने का आदेश दिया है। पटना हाईकोर्ट ने मार्च में अनंत सिंह को इस मामले में जमानत दी थी, जिसे दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई की। अनंत सिंह के वकील ने परिवार में 25 नवंबर को होने वाली बेटी की शादी का हवाला देकर समय मांगा। अदालत ने शादी में शामिल होने की अनुमति देते हुए 1 दिसंबर तक सरेंडर का समय दिया है। साथ ही बिहार सरकार को जांच चार महीने में पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

बेटी की शादी के कारण मिली मोहलत
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को है। इसी आधार पर उनके वकील ने अदालत से कुछ समय मांगा था। कोर्ट ने अनुरोध स्वीकार करते हुए साफ किया कि शादी के बाद 1 दिसंबर तक उन्हें जेल लौटना होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने 29 सितंबर की सुनवाई में ही कहा था कि 30 अक्टूबर को मामले में स्थगन नहीं दिया जाएगा। सितंबर में अनंत सिंह ने हलफनामा दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। बिहार सरकार ने 24 अक्टूबर को अपना हलफनामा दाखिल किया।
62 मामलों का रिकॉर्ड अदालत में रखा
दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने जमानत रद्द करने की मांग करते हुए कहा है कि 19 मार्च को जमानत देते समय हाईकोर्ट ने अनंत सिंह के आपराधिक रिकॉर्ड पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। राज्य सरकार के हलफनामे में अनंत सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं से जुड़े 62 मामलों का उल्लेख किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को चार महीने में जांच पूरी करने को कहा है। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई होगी।
जेडीयू नेता नीरज कुमार का तंज
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर तंज कसते हुए कहा, "जैसा करिएगा, वैसा भरिएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि दुलारचंद यादव के पोते का नाम भी नीरज कुमार है और उनका इस राजनीतिक मामले से कोई संबंध नहीं है। दुलारचंद यादव के पोते की ओर से सुप्रीम कोर्ट में वकील शिल्पी चौधरी और अमरकांत पटेल पैरवी कर रहे हैं।
जेडीयू से निकाले जाने के बाद बढ़ा विवाद
अनंत सिंह ने हालिया एमएलसी चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ वोट की अपील की थी और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। इसके बाद 24 अक्टूबर को जेडीयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को पार्टी से निकाल दिया।
अगले दिन नीलम देवी को राज्यस्तरीय 20 सूत्री समिति से भी हटा दिया गया। इसके साथ उन्हें मिला उप-मंत्री का दर्जा और सरकारी आवास भी खत्म हो गया। सरकार ने बंगला खाली करने के लिए एक महीने का समय दिया है। अनंत सिंह के परिवार में तीन बेटे अभिषेक कुमार, अंकित कुमार और अभिनव कुमार हैं। बेटी शिवांगी सबसे छोटी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
