अब देश के इस राज्य में व्हाट्सएप ग्रुप के लिए लाइसेंस जरूरी
श्रीनगर। पिछले करीब 10 दिनों से जम्मू कश्मीर का माहौल गर्म है। हंदवाड़ा में छेड़छाड़ की एक घटना और उसके बाद फैली अफवाह के बाद से ही घाटी में हिंसा का माहौल है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन अब एडमिनिस्ट्रेशन ने
ऐसी स्थिति फिर ने हो इसके लिए एक बड़ा ही अजीबो-गरीब कदम उठाने का फैसला किया है।

10 दिन तक पहले होगी जांच
घाटी में एक सर्कुलर 18 अप्रैल को जारी किया गया है। इस सर्कुलर के तहत पूरे जम्मू कश्मीर में अगर किसी को व्हाट्स एप पर कोई ग्रुप या कोई न्यूजग्रुप बनाना है तो फिर उन्हें पहले लाइसेंस के लिए अप्लाई करना होगा।
इस सर्कुलर के मुताबिक लाइसेंस के लिए अप्लाई करने के बाद एडमिन की 10 दिनों की जांच होगी और फिर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। अगर कंटेंट किसी भी तरह से हिंसात्मक पाया गया तो फिर एडमिन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घाटी में शांति
घाटी में किसी भी अफवाह और उसके बाद हिंसा को रोकने के लिए सरकार की ओर से यह फैसला लिया गया है। पिछले एक हफ्ते से घाटी के कई इलाकों में जारी प्रदर्शन और हिंसा के बाद बुधवार को थोड़ी शांति की स्थिति है। हंदवाड़ा में एक छेड़छाड़ की घटना के बाद यहां विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी था।
सेना के जवान पर लगाया था आरोप
अफवाह फैली थी कि एक लड़की के साथ सेना के जवान ने छेड़छाड़ की थी। जबकि उस लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयान से इस बात से इंकार कर दिया था कि सेना के जवान ने उसके साथ कोई छेड़छाड़ की थी।
मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही सेना को भी अपने तीन बंकर अस्थायी तौर पर यहां से हटाने पड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications