अम्फान तूफान: केंद्र से मिले एक हजार करोड़ पर बोलीं ममता बनर्जी- पीएम ने नहीं बताया ये एडवांस या पूरा पैकेज
नई दिल्ली। अम्फान तूफान से निपटने के लिए राहत के तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्र की ओर से पश्चिम बंगाल के लिए 1000 करोड़ के पैकेज की घोषणा की है। इस पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि पीएम ने ये स्पष्ट नहीं किया है कि ये फौरी राहत यानी एडवांस है या फिर यही पूरा पैकेज है। वहीं उन्होंने ये भी कहा है कि केंद्र की योजनाओं, सब्सिडी या साझा टैक्स का जो पैसा पश्चिम बंगाल को केंद्र से मिलना है, उससे उनको कुछ अभी दे दिया जाए ताकि लोगों को राहत दी जा सके।
Recommended Video

हमारा 53,000 करोड़ केंद्र के पास, वो भी दिया जाए
ममता बनर्जी ने कहा, प्रधानमंत्री ने इमरजेंसी फंड के तौर पर 1,000 करोड़ रुपये की घोषणा की है लेकिन उन्होंने ये स्पष्ट नहीं किया है कि ये एडवांस होगा या फिर पैकेज। पीएम ने कहा कि इसका फैसला बाद में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एडवांस भी हो सकता है। मेरा कहना ये है कि आप जो भी फैसला करेंगे, हम आपको डिटेल दे देंगे।
ममता बनर्जा ने कहा, हमने लोगों तक राहत पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है क्योंकि मदद में हम देर नहीं कर सकते हैं। मैंने पीएम से कहा कि खाद्य सब्सिडी, सामाजिक योजनाओं और केंद्रीय योजनाओं का हमें करीब 53,000 करोड़ केंद्र से मिलना है। केंद्र इससे कुछ पैसे हमें तुरंत देने की कोशिश करें ताकि हम इस संकट के समय में लोगों के लिए उसका इस्तेमाल कर सकें।

मुश्किल वक्त, केंद्र और राज्य को मिलकर काम करने की जरूरत
पीएम मोदी के शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल आने और तूफान से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने को लेकर सवाल पर ममता बनर्जी ने कहा, एक बहुत बड़ी आपदा आई है। बहुत मुश्किल वक्त का हम सामना कर रहे हैं। इस घड़ी में हमें एक साथ काम करना चाहिए। ऐसे बहुत से क्षेत्र हैं जहा केंद्र हमारी मदद कर सकते हैं। इस देश में राज्य सरकारें भी हैं और केंद्रीय सरकार भी मौजूद है। अगर कोई संकट है तो हर किसी को मिलकर काम करना चाहिए।

अम्फान से पश्चिम बंगाल में तबाही, पीएम ने किया दौरा
चक्रवाती तूफान अम्फान ने पश्चिम बंगाल में भारी तबाही मचाई है। बुधवार को राज्य में अम्फान तूफान 160 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दस्तक दी थी। तूफान ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता, नार्थ और साउथ परगना जिलों को बुरी तरह से प्रभावित किया है।
शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल पहुंचे और तूफान से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद पश्चिम बंगाल के बसीरहाट में सीएम ममता बनर्जी, राज्यपाल जगदीप धनकड़ और सीनियर अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। इस रिव्यू मीटिंग में उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त है लेकिन मैं पश्चिम बंगाल के भाई-बहनों को कहना चाहता हूं कि सब आपके साथ खड़े हैं। राज्य और केंद्र मिलकर उनलोगों के लिए काम कर रहे हैं तो तूफान से प्रभावित हैं।
पीएम मोदी ने इस दौरान राहत पैकेज की घोषणा करते हुए कहा- अभी तत्काल राज्य सरकार को कठिनाई ना हो इसके लिए 1000 करोड़ रुपये भारत सरकार की तरफ से व्यवस्था की जाएगी। साथ-साथ जिन परिवारों ने अपने स्वजन खोए हैं उन परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख और जो लोग घायल हुए हैं उनको 50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।
अम्फान तूफान: पश्चिम बंगाल के लोगों से बोले मोदी- इस वक्त पूरा देश आपके साथ खड़ा है












Click it and Unblock the Notifications