'ये कैसा घमंड, सांसद भी बने रहना है, कोर्ट भी नहीं जाना', राहुल गांधी की 'अयोग्यता' पर बोले अमित शाह
कांग्रेस के केंद्र पर तीखे हमले और प्रदर्शन लगातार सुर्खियां बने हैं। ऐसे में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है राहुल गांधी पहले नेता नहीं हैं, जिन्हें संसद से अयोग्य घोषित किया गया।

कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद राहुल गांधी को गुजरात के सत्र न्यायालय द्वारा पीएम पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में दोषी ठहराए जान के बाद उनकी संसद से सदस्यता खत्म हो गई है। लेकिन निचली अदालत के इस आदेश को राहुल गांधी की ओर से अपर कोर्ट में चुनौती नहीं दी गई है। वहीं कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों को एकजुट करके केंद्र सरकार को घेरने के लिए लगातार बैठकें और प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी और उनकी पार्टी की ओर से लोकतंत्र को लगातार खतरा बताया जा रहा है। ऐसे में गृहमंत्री अमित शाह ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता के संसद से अयोग्य घोषित होने के बाद कोर्ट ना जाने को राहुल गांधी और कांग्रेस का घमंड बताया है।
गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि वो (राहुल गांधी) संसद में बने भी रहना चाहते हैं लेकिन कोर्ट जाने की आवश्यकता नहीं समझते। अमित शाह ने सवाल किया कि ये किस तरह का घमंड है? राहुल गांधी को अपनी सजा के खिलाफ अपील करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी अकेले राजनेता नहीं हैं जिन्होंने अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद विधानमंडल की सदस्यता खो दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल में सीबीआई के जरिए एक फर्जी फर्जी मुठभेड़ केस में नरेंद्र मोदी को फंसाना चाहती थी। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन पर दबाव बनाया गया। उस वक्त नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री और वे खुद राज्य के गृह मंत्री थे। केंद्रीय गृह मंत्री आगे कहा, "मैं केंद्रीय एजेंसियों के दुरूपयोग का भुक्तभोगी हूं। हमारे खिलाफ क्या भ्रष्टाचार का केस कांग्रेस ने नहीं किया था? एक एनकाउंटर हुआ था। उस समय मैं राज्य (गुजरात) का गृह मंत्री था। सीबीआई ने मुझे अरेस्ट किया था।"
न्यूज 18 के एक सम्मेलन में बोलते हुए अमित शाह ने आगे कहा, " तब हमने तो काले कपड़े नहीं पहने। दंगों में भूमिका में हम पर फर्जी केस किया जिसे अंत में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया। हमने तो कोई हाय तौबा नहीं मचाई। कभी काले कपड़े पहनकर संसद को हमने जाम नहीं किया। मुझे अरेस्ट किया। 90 दिन में हाईकोर्ट ने मुझे बेल दे दी।"
केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने आम चुनाव 2014 में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का वादा किया था। शाह ने कहा कि जो आज लोकतंत्र की हत्या की बात करते हैं उनकी ही पार्टी के शासनकाल में देश ने लोकतंत्र की हत्या देखी। एक दौर वो भी जब देश में आपातकाल लगा और लाखों निर्दोष नेताओं को सलाखों के पीछे डाला गया।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications