Parliament Update: लोकसभा में बोले अमित शाह- 'सरकार मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार'
संसद में सोमवार को मणिपुर के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान राज्यसभा और लोकसभा को कई बार स्थगित करना पड़ा। वहीं विपक्ष की मांग पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है।
लोकसभा में बोलते हुए शाह ने कहा कि मैं इस पर सदन में चर्चा के लिए तैयार हूं। मैं विपक्ष से अनुरोध करता हूं कि इस मुद्दे पर चर्चा होने दें। ये महत्वपूर्ण है कि देश को इस संवेदनशील मामले पर सच्चाई पता चले। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 25 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

वहीं शाह से पहले राजनाथ सिंह ने विपक्ष को मणिपुर पर चर्चा के लिए आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल संसद की मर्यादा बनाए रखें। सरकार चर्चा के लिए तैयार है।
I.N.D.I.A ने किया प्रदर्शन
वहीं सोमवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी गठबंधन पार्टियों (I.N.D.I.A) ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा में जमकर नारेबाजी की।
संजय सिंह निलंबित
वहीं विपक्षी दलों की नारेबाजी से राज्यसभा अध्यक्ष नाराज हो गए। जिस पर उन्होंने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया। हालांकि विपक्षी दल इस फैसले का भी विरोध कर रहे हैं।
वहीं लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री आकर मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा करेंगे तो आसमान तो नहीं फट जाएगा? पूरी दुनिया में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है। हमारी बस छोटी सी मांग है कि मणिपुर में आज जो गंभीर हालात हैं उसपर प्रधानमंत्री चर्चा के लिए आएं।
मणिपुर में क्या हुआ?
आपको बता दें कि मणिपुर में 3 मई को हिंसा भड़की थी। इसके एक दिन बाद चार मई को भीड़ ने दो महिलाओं को नग्न करके घुमाया। जिसका वीडियो 19 अप्रैल को वायरल हुआ था। इसके अलावा राज्य में 3 मई के बाद से हिंसा का दौर जारी है, जिसमें 100 से ज्यादा लोगों की जान गई। इसी को लेकर विपक्षी दल हंगामा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications