शाहीन बाग पर अमित शाह से बहस के लिए अरविंद केजरीवाल तैयार, बोले- उन्हें आना चाहिए
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार सबसे बड़ा मुद्दा शाहीन बाग ही दिखाई दे रहा है। जहां सीएए और एनआरसी के खिलाफ करीब दो महीने से विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन करने वाले लोगों ने तभी से यहां की एक मुख्य सड़क ब्लॉक की हुई है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले पर आम आदमी पार्टी और भाजपा एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। भाजपा का कहना है कि शाहीन बाग प्रदर्शन के लिए AAP जिम्मेदार है।

'भाजपा के पास मुख्यमंत्री के लिए कोई नहीं'
अब इसपर आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान आ गया है। उन्होंने कहा है कि वह इसपर गृहमंत्री अमित शाह से बहस के लिए पूरी तरह तैयार हैं। केजरीवाल ने कहा, 'भाजपा ये स्वीकार कर चुकी है कि उनके पास दिल्ली में मुख्यमंत्री बनाने के लिए कोई योग्य इंसान नहीं है। अमित शाह कहते हैं 'मुझे वोट दें और मैं मुख्यमंत्री पर फैसला करूंगा', तो अमित शाह जी को आना चाहिए और मेरे साथ बहस करनी चाहिए। वो लगातार शाहीन बाग पर बोल रहे हैं, मैं इस पर भी बहस करूंगा।'
'सड़क खाली कराने से कौन रोक रहा है'
केजरीवाल ने कहा, 'अमित शाह को शाहीन बाग की सड़क खाली कराने से कौन रोक रहा है। दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने लायक भाजपा में कोई नहीं है। लोग ये जानना चाहते हैं कि भाजपा का सीएम उम्मीदवार कौन है। अगर वह संबित पात्रा या फिर अनुराग ठाकुर को चुनते हैं तो क्या होगा। भाजपा ने विधानसभा चुनावों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश की, चुनाव के नतीजे आने पर पता चलेगा कि वो सफल हुए या नहीं।'

'दिल्ली सरकार की मुफ्त योजनाएं लागू रहेंगी'
उन्होंने आगे कहा, 'AAP के मतदाता वो हैं, जो अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, अच्छी सड़क और 24 घंटे बिजली चाहते हैं। भाजपा अनधिकृत कॉलोनियों को पूरी तरह भूल गई है, उसने दिल्ली को गुमराह किया है। अगर AAP दोबारा सत्ता में आती है तो दिल्ली सरकार की मुफ्त योजनाएं लागू रहेंगी। अगर जरूरत पड़ी तो हम और भी ज्यादा योजनाएं लेकर आएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications