पश्चिम बंगाल: अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल, टीएमसी कार्यकर्ताओं के नाम लिखा खत
अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल, टीएमसी कार्यकर्ताओं के नाम लिखा खुला खत
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री रहे सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) से इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। शनिवार को पश्चिम मिदनापुर में भाजपा की रैली में अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हुए। सुवेंदु अधिकारी ने बीजेपी में शामिल होने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम एक चिट्ठी भी जारी की है। अधिकारी ने छह पेज की अपनी चिट्ठी में लिखा कि बंगाल इस वक्त बहुत नाजुक मोड़ पर खड़ा है। लोगों के हित को ध्यान में रखकर वो ये फैसला ले रहे हैं।
Recommended Video

टीएमसी के कार्यकर्ताओं के नाम चिट्ठी
लंबे समय तक ममता बनर्जी के करीबी माने जाते रहे सुवेंदु अधिकारी ने बीजेपी में शामिल होने के साथ ही अपनी पुरानी पार्टी, टीएमसी के कार्यकर्ताओं के नाम एक चिट्ठी भी लिखी है। चिट्ठी में उन्होंने ममता बनर्जी और टीएमसी के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं से कहा है कि किसी एक इंसान ने टीएमसी को नहीं बनाया, एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत पार्टी को खड़ा करने में है। एक व्यक्ति के योगदान से एक दिन में पार्टियां नहीं बनती, ये बड़े पैमाने पर एक लगातार कोशिश के बाद दस सालों का नतीजा था कि पार्टी खड़ी हुई।

पार्टी को खड़े करने वाले किए गए दरकिनार
अधिकारी ने अपनी चिट्ठी में कहा है कि ना तो पश्चिम बंगाल और ना ही तृणमूल कांग्रेस किसी की जागीर है लेकिन टीएमसी को निजी जागीरदारी की तरह चलाया जा रहा है। जिन्होंने पार्टी को खड़ा किया उन्हें दरकिनार कर दिया गया है। आज टीएमसी में अनुभवहीन नेता हावी हो गए हैं। चिट्ठी में सुवेंदु अधिकारी ने ने टीएमसी पर जनादेश के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी में भाई-भतीजावाद हावी है। पार्टी में त्याग की जगह अब भोग की विचारधारा हावी हो चुकी है।

लंबे समय से टीएमसी से जुड़े थे सुवेंदु
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले सुवेंदु अधिकारी राज्य सरकार में परिवहन मंत्री थे। ममता बनर्जी से रिश्तों में खटास के बाद उन्होंने पिछले महीने 27 नवंबर को राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद इसी हफ्ते बुधवार को विधायकी से इस्तीफा दिया और गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सभी पदों और प्राथमित सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके दो दिन बाद वो भाजपा में शामिल हो गए। सुवेंदु अधिकारी के परिवार का पूर्वी मिदनापुर और आसपास काफी राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। उनके पिता भी विधायक रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications