पश्चिम बंगाल पहुंचे अमित शाह का ममता बनर्जी पर हमला, टीएमसी में चल रहा है- तुष्टीकरण और भतीजावाद
पश्चिम बंगाल पहुंचे अमित शाह का ममता बनर्जी पर हमला- टीएमसी में चल रहा है- तुष्टीकरण और भतीजावाद: अमित शाह
नई दिल्ली। दो दिन के दौरे पर शनिवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। पश्चिम मिदनापुर के कॉलेज ग्राउंड में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा में जो लोग आज आ रहे हैं वो मां माटी मानुष के नारे के साथ निकले थें। ममता बनर्जी की सरकार ने मां माटी मानुष के नारे को टोलबाजी, तुष्टीकरण और भतीजावाद में बदल दिया है।
Recommended Video

लोकसभा में दिखा चुकी भाजपा अपनी ताकत: शाह
अमित शाह ने कहा, कुछ बड़बोले नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल को कोई हरा नहीं सकता। मैं उनको याद कराना चाहता हूं कि संसद के चुनाव के अंदर कहते थे कि भाजपा का खाता नहीं खुलेगा। हमारे दिलीप घोष की आध्यक्षता और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 18 सीटें भाजपा ने जीती हैं। विधानसभा में भी हम जीतेंगे।

हमारे साथ आ रहे सभी पार्टियों के लोग
रैली में ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री रहे सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हुए। उनके बीजेपी में आने को लेकर अमित शाह ने कहा, सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में कांग्रेस, तृणमूल, सीपीएम सब पार्टी से अच्छे लोग आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने के लिए भाजपा से जुड़ रहे हैं। दीदी कहती है भाजपा दल-बदल कराती है। दीदी मैं आपको याद कराने आया हूं,जब आपने कांग्रेस छोड़कर तृणमूल बनाई तो वो दल-बदल नहीं था।

चुनाव तक अकेली रह जाएंगी ममता बनर्जी
अमित शाह ने कहा कि आज सभी दलों से अच्छे लोग बीजेपी में आ गए हैं। आज एक सासंद एमपी, नौ एमएलए समेत कई नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं। ये तो सिर्फ शुरुआत हुई है, जब चुनाव आएगा तो ममता दीदी आप अकेली रह जाएंगी। टीएमसी छोड़कर आए सुवेंदु अधिकारी ने रैली में कहा कि टीएमसी में लोकतंत्र नहीं बचा है वो आत्म सम्मान के लिए बीजेपी में आए हैं। अगर बंगाल की हालत सुधारनी है तो यहां की बागडोर पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों में सौंपनी पड़ेगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की तैयारियों को लेकर अमित शाह शुक्रवार देर रात करीब दो बजे कोलकाता पहुंचे हैं। उनका ये दौरा दो दिन का है।












Click it and Unblock the Notifications