कश्मीरी पंडितों की हत्या पर दिल्ली में हाईलेवल बैठक, LG मनोज सिन्हा ने गृहमंत्री को दी हालात की जानकारी
नई दिल्ली, 3 जून: कश्मीर घाटी में गैर मुस्लिमों की हत्या का सिलसिला जारी है। गुरुवार को आतंकियों ने कुलगाम में मैनेजर विजय कुमार की हत्या कर दी, जो राजस्थान के रहने वाले थे। इसके बाद से जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। घाटी में बढ़ती आतंक की घटनाओं पर केंद्र सरकार भी एक्शन में आ गई है। जिसके लिए शुक्रवार को दिल्ली में एक हाईलेवल बैठक हुई। जिसमें हिस्सा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी पहुंचे।
Recommended Video

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एनएसए अजीत डोभाल, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला, डीजी सीआरपीएफ कुलदीप सिंह, सीमा सुरक्षा बल के प्रमुख पंकज सिंह, जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक में एलजी मनोज सिन्हा ने गृहमंत्री को घाटी के हालात की जानकारी दी।
बढ़ रहा पलायन
कश्मीर घाटी में टारगेट किलिंग जारी है। बैंक मैनेजर की हत्या से पहले आतंकियों ने कुलगाम में शिक्षिका रजनी बाला की हत्या कर दी थी। जिसके बाद से गैर स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार तक 100 से ज्यादा कश्मीरी पंडितों ने घाटी को छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि घाटी में 1990 जैसे हालात फिर से बन गए हैं, जहां किसी भी वक्त लोगों को गोली मार दी जा रही है।
ट्रांसफर की मांग कर रहे कश्मीरी पंडित
घाटी में कश्मीरी पंडित लगातार आंदोलन कर रहे हैं। जब से वहां पर आतंकी वारदातें बढ़ी हैं, तब से वो कश्मीर से ट्रांसफर की मांग कर रहे हैं। कश्मीरी पंडित कर्मचारियों का कहना है कि वो वहां पर सुरक्षित नहीं हैं, ऐसे में सरकार उनको जम्मू के किसी हिस्से में भेज दे। अगर ऐसा नहीं किया जाता तो वो सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।












Click it and Unblock the Notifications