Amit Shah Assam Visit: डिब्रूगढ़ में नई विधानसभा की रखी नींव, चुनाव से पहले किसे दिया अल्टीमेटम?
Amit Shah Assam Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को असम के डिब्रूगढ़ दौरे के दौरान राज्य को कई बड़ी सौगातें दीं। प्रदेश में इसी साल चुनाव होने वाले हैं। इस दौरान उन्होंने डिब्रूगढ़ में असम की दूसरी विधानसभा भवन की आधारशिला रखी और कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। मंच से अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने घुसपैठियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि हरेक घुसपैठी को निकाला जाएगा।
गृहमंत्री ने कहा कि डिब्रूगढ़ से चाय की खुशबू दुनिया भर में फैलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में असम तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। शाह ने जनता से सवाल करते हुए कहा, "फिर से बीजेपी की सरकार बनाओगे कि नहीं?" जिस पर मंच से जोरदार समर्थन के नारे लगे।

Amit Shah Assam Visit: कांग्रेस को दिया अल्टीमेटम
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पहले कांग्रेस शासन में सिर्फ घोषणाएं होती थीं, लेकिन बीजेपी सरकार में घोषणाएं जमीन पर उतरती हैं। उन्होंने। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से असम बहुत संवेदनशील है। घुसपैठियों और उनके शुभचिंतकों को कहना चाहता हूं कि चुन-चुनकर उन्हें निकाला जाएगा। बता दें कि असम में बांग्लादेश से आने वाले घुसपैठियों को लेकर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा भी बेहद सख्त रुख रखते हैं।
Assam News: 284 करोड़ रुपये में बनेगी नई विधानसभा
- डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में असम विधानसभा गुवाहाटी के दिसपुर में स्थित है।
- नई विधानसभा भवन का निर्माण 284 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। डिब्रूगढ़ असम का मुख्य व्यावसायिक शहर भी है।
- इसके तैयार होने के बाद ऊपरी असम के लोगों को प्रशासनिक और सुशासन से जुड़े लाभ आसानी से मिल सकेंगे।
असम को बाढ़ मुक्त बनाने पर फोकस
अमित शाह ने डिब्रूगढ़ में मल्टीडिसिप्लिनरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने संकल्प लिया है कि असम को बाढ़ मुक्त शहर बनाया जाएगा। उन्होंने 209 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दूसरे चरण की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा 292 करोड़ रुपये की लागत से वाइल्डलाइफ एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित करने का भी ऐलान किया।
गृहमंत्री ने बाढ़ को लेकर कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी के पानी को 15 बड़े तालाबों में मोड़ने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने असम को बाढ़ मुक्त बनाने का वादा किया था और अब उस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। असम में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications