'आतंकियों से है बीजेपी का कनेक्शन' वाले बयान पर भाजपा का पलटवार, राजीव गांधी का नाम लेकर पूछा ये सवाल
नई दिल्ली, 10 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया इंचार्ज अमित मालवीय ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। दरअसल जिस तरह से देश में हाल की हिंसक घटनाएं हुईं उसमे शामिल आरोपियों को कांग्रेस ने भाजपा का करीबी बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उन लोगों के साथ काफी करीब का रिश्ता है जो लोग आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं। कांग्रेस के इस बयान पर अमित मालवीय ने हमला बोलते हुए राजीव गांधी के हत्यारों की तस्वीरों को साझा करते हुए संगीन आरोप लगाए।

अमित मालवीय ने राजीव गांधी के हत्यारों की तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, कांग्रेस ने कुछ कट्टरपंथियों को भाजपा के साथ जोड़ने की बेताब कोशिश की है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि राजीव गांधी लिट्टे के हत्यारों के साथ हैं। ये लोग उन्हें मारने के लिए कांग्रेस में भी घुस आए। इनकी निकटता से पता चलता है कि इन लोगों की पार्टी से कितनी करीबी थी और ये लोग पार्टी के कितने करीब थे। यहां तक कि इन लोगों की पार्टी के भीतर पहुंच तक की जांच की गई थी।
अमित मालवीय ने आगे इन तस्वीरों का हवाला देते हुए लिखा कि क्या इसका मतलब होता है कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ही राजीव गांधी की हत्या की। बिल्कुल नहीं, लेकिन अगर किसी को यह कहना है और किसी को फसाना है तो वह ऐसा कर ही सकता है। उदयपुर और कश्मीर में कुछ लोग जरूर कुछ प्लानिंग कर रहे हैं। मालवीय ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा काफी महत्वपूर्ण मुद्दा है, इसे तुच्छ राजनीति के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
बता दें कि उदयपुर में जिस तरह से कन्हैया लाल की गला रेतकर हत्या की गई थी उसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि उदयपुर के हत्यारे भाजपा कार्यकर्ता थे। कश्मीर में हाल ही में जो आतंकी गिरफ्तार हुए थे उनको लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि इन लोगों के लिंक जम्मू कश्मीर में आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से हैं। दरअसल घाटी में लश्कर के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, ये आतंकी घाटी में भाजपा की अलग-अलग इकाइयों के इंचार्ज थे। हालांकि भाजपा का कहना है कि वह सिर्फ 18 दिन तक ही भाजपा का सदस्य रहा था।












Click it and Unblock the Notifications