न्यूयॉर्क से नई दिल्ली आने वाली फ्लाइट में नशे में शख्स ने यात्री पर किया पेशाब, अमेरिकी यूनिवर्सिटी का छात्र
American Airlines flight urinates case: अमेरिकन एयरलाइंस की दिल्ली-JFK की उड़ान में एक यात्री ने कथित तौर पर एक अन्य यात्री पर पेशाब कर दिया है। दिल्ली पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।

फ्लाइट में फिर से एक पेशाब कांड का मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क से नई दिल्ली आने वाली अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट में नशे में एक यात्री ने अपने साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री पर पेशाब कर दिया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे के एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि विमान के उतरते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। IGI एयरपोर्ट DCP ने कहा, एक यात्री द्वारा दूसरे पर पेशाब करने की शिकायत मिली है। आरोपी की पहचान आर्य वोहरा के नाम से हुई है। वह अमेरिकी यूनिवर्सिटी में एक छात्र है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर कहा, हम घटनाओं के क्रम को लेकर एयरलाइन कंपनी (अमेरिकन एयरलाइंस) के संपर्क में हैं। पीड़ित यात्री न तो अपना नाम सार्वजनिक करना चाहता है और न ही शिकायत दर्ज कराना चाहता है।

जानिए पूरी घटना के बारे में?
AA292 अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट ने शुक्रवार रात 9:16 बजे न्यूयॉर्क से उड़ान भरी और 14 घंटे 26 मिनट के बाद शनिवार रात 10:12 बजे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर उतरी। आर्य वोहरा ने कथित तौर पर उस वक्त पेशाब कर दिया जब वह नशे की हालत में सो रहे थे। हवाई अड्डे के एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया, "यह किसी तरह लीक हो गया और एक साथी यात्री पर गिर गया, जिसने चालक दल से शिकायत की गई थी"

आरोपी ने मांगी माफी
छात्र ने तब माफी मांगी और पुरुष पीड़ित मामले की रिपोर्ट नहीं करने के मूड में था। हालांकि, चालक दल को इस घटना के बारे में पता चला और उन्होंने पायलट को सूचित किया, जिन्होंने इसके बाद आईजीआई हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी। एटीसी ने सीआईएसएफ कर्मियों को सतर्क किया जिन्होंने आरोपी यात्री को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया।

DGCA ने कहा- उन्हें इस घटना की रिपोर्ट मिली है
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें अमेरिकन एयरलाइंस से इस घटना की एक रिपोर्ट मिली है। अधिकारी ने कहा, "ऐसा लगता है कि उन्होंने स्थिति को पेशेवर तरीके से संभाला है और सभी उचित कार्रवाई की है।"
नवंबर 2022 में इसी तरह की एक घटना के बारे में एक महीन बाद पता चला था, जहां एक नशे में धुत व्यक्ति शंकर मिश्रा ने न्यूयॉर्क से नई दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में एक बुजुर्ग महिला पर कथित तौर पर पेशाब किया था। इस घटना के एक महीने बाद सामने आने के बाद केस दर्ज किया गया था।
शंकर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया था और लगभग एक महीने जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। घटना के 12 घंटे के भीतर मामले की सूचना नहीं देने पर डीजीसीए ने एयर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। शंकर मिश्रा पर चार महीने के लिए उड़ान भरने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications