मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने AAP पर कसा तंज, बोले- उनके पास कुछ खास तथ्य नहीं
नई दिल्ली। चुनाव आयुक्त के तौर पर पद संभालने वाले ओपी रावत ने आम आदमी पार्टी के आरोपों पर पलटवार किया है। हाल में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में रावत ने कहा कि चुनाव आयोग हमेशा से तटस्थ और निष्पक्ष रहा है। रावत ने आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों के लाभ के पद के मामले से खुद को अलग करने पर भी सफाई दी है। रावत ने कहा कि उन्होंने सुनवाई से खुद को इसलिए अलग किया, क्योंकि आप के एक नेता ने उन पर किसी पार्टी के करीबी होने का आरोप लगाया था। इसलिए रावत ने खुद को मामले की सुनवाई से अलग रखा, ताकि आम आदमी पार्टी को यह संदेश जाए कि उनके साथ किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के आरोपों पर रावत ने कहा, 'कुछ लोगों का अपना परसेप्शन है और उनके तथ्यों के नाम पर कुछ खास नहीं है।'

देश में एकसाथ चुनाव के लिए आयोग तैयार, पर पहले कानूनी प्रक्रिया तो पूरी हो
नए चुनाव आयुक्त ने इंटरव्यू के दौरान देशभर में एक साथ चुनाव कराने और रिटायरमेंट के बाद चुनाव आयुक्तों के राजनीतिक दल और अन्य पद ग्रहण किए जाने के बाद सवालों पर भी बेबाक राय रखी। ओपी रावत ने कहा कि 'एक देश, एक चुनाव' के लिए इलेक्शन कमीशन पूरी तरह तैयार है। लेकिन इसके लिए कानूनी प्रक्रिया का पूरा होना जरूरी है। हालांकि, उन्होंने इस बात को माना कि यह कार्य चुनौतियों से भरा होगा, लेकिन साथ उन्होंने यह भी कहा कि यह असंभव भी नहीं है।
रिटायरमेंट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त राजनीति में आएं या नहीं? इस पर भी बोले रावत
ओपी रावत से जब पूछा गया कि क्या रिटायर होने के बाद इलेक्शन कमिश्नरों को राजनीतिक पार्टी से जुड़ना या कोई और पद लेना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने 20 विधायकों की सदस्यता रद्द होने के बाद चुनाव आयुक्त एके ज्योति पर रिटायमेंट के बाद पद पाने के लिए बीजेपी को खुश करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में रावत ने कहा कि यह गंभीर विषय है और इस पर चर्चा होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला सिर्फ किसी पद का नहीं है बल्कि व्यक्ति के अधिकारों का भी यहां प्रश्न है।
ईवीएम पर राजनीतिक दलों को लगातार जानकारी देता है आयोग
पिछले कुछ समय से जब भी चुनाव आते हैं, तब ईवीएम की चर्चा भी जरूर होती है। कई पार्टियां ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगा रही हैं। इस सवाल पर ओपी रावत ने कहा कि ईवीएम मशीन पर लोगों का भरोसा बना रहे इस बारे में कई कदम उठाए गए हैं। आने वाले चुनाव वीवीपैट मशीन से होंगे, जो ज्यादा पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि ईवीएम के बारे में चुनाव आयोग सभी दलों को जानकारी देता रहता है, जिससे सभी दल हर प्रकार की जानकारी अवगत रहें।












Click it and Unblock the Notifications