'मोदी विरोधी एजेंडा के आरोप निराशाजनक और बेबुनियाद',भाजपा के दावे को अमेरिका ने किया खारिज
US On OCCRP: भारतीय जनता पार्टी ने अमेरिकी विदेश विभाग पर आरोप लगाया था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडानी के खिलाफ एजेंडा चला रहा है। बीजेपी का कहना था कि अमेरिकी सरकार के समर्थन से ओसीसीआरपी (ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट) जैसे समूह मोदी और अडानी के खिलाफ रिपोर्ट्स प्रकाशित कर रहे हैं। इस पर अमेरिका ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इन आरोपों को निराशाजनक बताया है।
मीडिया स्वतंत्रता के पक्ष में अमेरिका
अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, "यह निराशाजनक है कि भारत में सत्तारूढ़ पार्टी इस तरह के आरोप लगा रही है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका हमेशा से दुनिया भर में मीडिया की स्वतंत्रता का समर्थन करता रहा है और इन संगठनों के संपादकीय निर्णयों पर उसका कोई प्रभाव नहीं होता।

अमेरिकी दूतावास ने स्वीकार किया कि वह OCCRP जैसे समूहों को वित्तीय मदद प्रदान करता है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका इन संगठनों के संपादकीय निर्णयों में हस्तक्षेप नहीं करता। प्रवक्ता ने कहा, "स्वतंत्र प्रेस किसी भी लोकतंत्र का अनिवार्य हिस्सा है और यह सत्ता में बैठे लोगों को जवाबदेह ठहराने में मदद करता है।"
बीजेपी ने लगाए थे आरोप
बीजेपी ने कहा था कि अमेरिकी विदेश विभाग पीएम मोदी और गौतम अडानी को निशाना बनाने वाली खबरों के पीछे है, जिनमें फाइनेंशियल टाइम्स और OCCRP की रिपोर्टें शामिल हैं। इनमें अडानी समूह की परियोजनाओं और पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर का भी उल्लेख था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि इन रिपोर्टों के माध्यम से भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
यह पहली बार है जब बीजेपी ने सीधे तौर पर अमेरिकी सरकार पर हमला किया है, और कहा कि इन रिपोर्टों का उद्देश्य भारतीय सरकार की आलोचना करना है।












Click it and Unblock the Notifications