इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्र संघ चुनाव में सपाके छात्र संगठन का दबदबा, ABVP को तगड़ा झटका
इलाहाबाद। पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के परिणाम घोषित हो गए। इस परिणाम में समाजावादी पार्टी के छात्र संगठन का दबदबा रहा। बता दें कि सपा के छात्र संगठन समाजवादी छात्र सभा से अध्यक्ष पद पर अवनीश कुमार यादव, उपाध्यक्ष पद पर चंदशेखर चौधरी , संयुक्त सचिव पद पर भरत सिंह, सांस्कृतिक सचिव पद पर अवधेश कुमार पटेल ने जीत दर्ज की है। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के निर्भय कुमार द्विवेदी ने महामंत्री पद पर जीत दर्ज की है। जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों को 15 अक्टूबर को शपथ दिलाई जाएगी।

फैल गई केशव के आने की अफवाह
बता दें कि इस परिणाम से ABVP को तगड़ा झटका लगा। वहीं इस दौरान यह अफवाह भी फैली कि उत्तर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे थे। गौरतलब है कि ABVP इससे पहले राजस्थान, पंजाब,जेएनयू,डीयू,उत्तराखंड, गुवाहाटी के कई कॉलेजों और विश्वविद्यालयों का चुनाव हार चुकी है।

बता दें कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में वोटों की गिनती दोबारा कराई गई। इससे पहले शनिवार को ही विश्वविद्यालय समेत सभी संबंद्ध कॉलेजों में भी चुनाव कराए गए।
कॉलेजों में भी हुए छात्र संघ चुनाव
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में विवेक कुमार त्रिपाठी अध्यक्ष, आशुतोष गुप्ता उपाध्यक्ष, पंकज दुबे महामंत्री, शिवम मिश्रा संयुक्त मंत्री और ज्योति रावत सांस्कृतिक सचिव चुने गए। ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में अध्यक्ष के पद पर अनुराग कुमार जयसवाल, उपाध्यक्ष के पद पर सौरभ चतुर्वेदी, महामंत्री के पद पर अंकित त्रिपाठी, संयुक्त मंत्री के पद पर शिवम श्रीवास्तव और सांस्कृतिक सचिव के पद पर शुभम सिंह ने जीत दर्ज की। वहीं चौधरी महादेव प्रसाद डिग्री कॉलेज (CMP) में भी ABVP को झटका लगा। यहां ऋषभ सिंह यादव ने ABVP के आशीष सिंह को हराया। यहां उपाध्यक्ष के पद पर सुमित कुमार गौतम, महामंत्री के पद पर शिवम, संयुक्त मंत्री के पद पर अभय राज यादव और सांस्कृतिक सचिव के पद पर विशाल चंद्र शुक्ला जीते।यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज में संपन्न हुए छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष के पद पर आकाश त्रिपाठी, उत्कर्ष मंत्री, रोहित संयुक्त मंत्री और उद्धव सिंह सांस्कृतिक मंत्री चुने गए। वहीं कोषाध्यक्ष के पद पर मोहम्मद आकिब अहमद और शिवम श्रीवास्तव दोनों को 92-92 वोट मिलने के कारण संयुक्त रूप से निर्वाचित घोषित किया गया।

NSUI ने लगाए आरोप
हालांकि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के दो प्रमुख सीटों पर जीत से उत्साहित कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का खाता नहीं खुल सका। NSUI पदाधिकारियों का आरोप है कि सरकार ने धांधली की है।












Click it and Unblock the Notifications