24 अप्रैल को छठें चरण के लिए तैयार सभी उम्मीदवार
नई दिल्ली। 16वीं लोकसभा के लिए चुनाव अब अपने शबाब पर पहुंच रहा है। 24 अप्रैल को छठें चरण के साथ ही चुनावों के लिए नौ दौर में होने वाली वोटिंग के सिर्फ तीन चरण ही बाकी रह जाएंगे। 24 अप्रैल को होने वाली वोटिंग के तहत उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और असम के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पिछले चरण की ही तरह यह चरण भी सभी पार्टियों और उनके उम्मीदवारों के लिए खासा अहम है। इस छठें दौर में पिछले दौर की ही तरह कई धुरंधरों की किस्मत दांव पर लगी हैं। पूनम महाजन, प्रिया दत्त, मुलायम सिंह यादव, हेमामालिनी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, डिंपल यादव, जयंत चौधरी, राखी सावंत, सलमान खुर्शीद और ऐसे ही कुछ और नामों के लिए 24 अप्रैल को जनता वोट डालेगी।
इन चरणों में सबसे रोचक मुकाबला पुडुचेरी की संसदीय सीट पर है। यहां पर एक सीट पर 30 उम्मीदवार हैं और 24 अप्रैल को जब वोट डाले जाएंगे तो यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनेगी।
छठें चरण के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो जाए इसके लिए सुरक्षा बलों की 57,000 टुकड़ियां तैनात की जाएंगी।
कहां पर कितनी सीटें
उत्तर प्रदेश-12
मध्य प्रदेश-10
महाराष्ट्र-12
जम्मू एवं कश्मीर-1
बिहार-7
असम-6
छत्तीसगढ़-7
झारखंड -4
राजस्थान-5
तमिलनाडु-39
पश्चिम बंगाल-6
पुडुचेरी-1

18.04 करोड़ मतदाता
इस छठें चरण के दौरान 18.04 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे और वह 2076 उम्मीदवारों की किस्मत को र्इवीएम में कैद करेंगे। इस दौरान 12 राज्यों की 121 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी होगी। सुबह 8 बजे शुरू होकर मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।

मुलायम का गढ़
इस छठें चरण के दौरान सपा प्रमुख और भारतीय राजनीति के एक अहम नेता माने जाने वाले मुलायम सिंह यादव के लिए मैनपुर की जनता वोट डालेगी। पिछले कई वर्षों से लोकसभा चुनाव जीतते आ रहे मुलायम को पूरा भरोसा है कि इस बार भी जनता उनका साथ देगी और उन्हें संसद तक पहुंचाएगी।

डिंपल यादव
अगर मैनपुरी में मुलायम सिंह की किस्मत का फैसला हो रहा होगा तो वहीं कन्नौज में उनकी पुत्रवधू डिंपल यादव के लिए भी वोट डाले जा रहे होंगे।

सलमान खुर्शीद
विदेश मंत्री और घोटाले के आरोपों में घिरे सलमान खुर्शीद फरुखाबाद से कांग्रेस के टिकट पर अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। सांसदो को उनके कामकाज के आधार पर कुछ दिनों पहले रेटिंग दी गई थी और इस रेटिंग के मुताबिक खुर्शीद का काम अपने संसदीय क्षेत्र में कुछ खास नहीं है। ऐसे में इस बार उनकी जीत तय है यह कह पाना थोड़ा मुश्किल है।

हेमामालिनी
मथुरा में इस बार बॉलीवुड अदाकारा हेमामालिनी लोकसभा चुनावों में बीजेपी के टिकट पर अपनी किस्मत आजमाने जा रही हैं। हेमा पिछले कुछ दिनों के दौरान यहां पर धुआंधार चुनाव प्रचार में लगी हुई है। हालांकि मतदाताओं को उम्मीद थी कि हेमा के चुनाव प्रचार में उनके पति और बॉलीवुड हीमैन धर्मेंद्र भी आएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

जयंत चौधरी
मथुरा में हेमा को राष्ट्रीय लोकदल के नेता और अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी चुनौती पेश करेंगे। जयंत ने वर्ष 2009 में यहीं से लोकसभा चुनाव जीता था।

अमर सिंह
कभी सपा के टिकट पर दावेदारी पेश करने वाले अमर सिंह ने इस बार राष्ट्रीय लोकदल यानी अजित सिंह की पार्टी का हाथ थामा है। अमर सिंह फतेहपुर सीकरी से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके चुनाव प्रचार के दौरान कई स्टार प्रचारक उनके साथ मौजूद थे।

मोहम्मद अजहरुद्दीन
वर्ष 2009 में कांग्रेस ने क्रिकेटर अजहरुद्दीन को मुरादाबाद से टिकट दिया था। इस बार अजहर को पार्टी ने राजस्थान के टोंक सवाई माधोपुर से टिकट दिया है। अजहर को उम्मीद है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और उन्हें जीत हासिल हो सकेगी।

महबूबा मुफ्ती
जम्मू कश्मीर की अनंतनाग सीट एकमात्र सीट है जिस पर 24 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। यहां पर कुछ दिनों पहले हुई एक सरपंच की हत्या के बाद से मतदान पर सबकी नजरें हैं। अनंतनाग सीट से पीडीपी की महबूबा मुफ्ती उम्मीदवार हैं।

प्रिया दत्त
पूर्व अभिनेता और कांग्रेस के सांसद रहे सुनील दत्त की बेटी प्रिया दत्त नॉर्थ वेस्ट मुंबई से एक बार फिर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। प्रिया की लोकप्रियता वोटर्स के बीच काफी ज्यादा है। ऐसे में विशेषज्ञ इस बार भी उनकी जीत तय मान रहे हैं।

पूनम महाजन
बीजेपी ने प्रिया दत्त के जवाब में पूर्व मंत्री रहे प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को टिकट दिया है। विशेषज्ञों को जहां प्रिया के आगे पूनम की जीत मुश्किल नजर आ रही है तो वहीं पूनम को उम्मीद है कि वह चुनाव जरूर जीतेंगी।

महेश मांजरेकर
फिल्म निर्देशक और एक्टर महेश मांजरेकर को राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से लोकसभा टिकट दिया गया है। महेश अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

राखी सांवत
बीजेपी में तो राखी सावंत को एंट्री नहीं मिल सकी लेकिन उन्होंने अपनी पार्टी 'राष्ट्रीय आम पार्टी' बनाई और अब अपनी पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। 24 अप्रैल को राखी के लिए भी वोट डाले जाएंगे।

मयंक गांधी
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मयंक गांधी भी इस बार चुनाव मैदान में हैं। मयंक के मुताबिक नॉर्थ वेस्ट मुंबई की जनता काफी बुद्धिमान है और वह सोच समझकर सही पार्टी को वोट करेगी।

मिलिंद देवड़ा
केन्द्रिय मंत्री मुरली देवड़ा के बेटे मिलिंद देवड़ा कांग्रेस के टिकट पर कोलाबा से चुनाव मैदान में हैं। मिलिंद को वर्ष 2009 में बड़ी जीत हासिल हुई थी और उन्हें फिर से जीत की उम्मीद है। वहीं मिलिंद के सामने आम आदमी पार्टी की मीरा सान्याल चुनौती पेश कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications