All Party Delegations: ‘आतंक और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते' शिंदे के नेतृत्व में UAE में भारत का स्पष्ट संदेश
All Party Delegations: शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में गए ऑल पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का दौरा समाप्त कर लिया। यह यात्रा भारत की वैश्विक आतंकवाद-विरोधी मुहिम ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन दिलाना है।
भारतीय दूतावास की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह दौरा भारत-यूएई सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में सफल और प्रभावी रहा। इस यात्रा के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने न केवल राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर मुलाकातें कीं, बल्कि यूएई में बसे भारतीय समुदाय से भी संवाद किया।

दूतावास ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "ऑल-पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने सांसद श्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में यूएई का अत्यधिक सफल दौरा पूर्ण किया। यह यात्रा आतंकवाद के विरुद्ध भारत-यूएई सहयोग को और सशक्त करती है।"
All Party Delegations: शिंदे ने जताया UAE नेतृत्व का आभार
अपने दौरे के समापन पर डॉ. शिंदे ने यूएई की मेहमाननवाजी और भारत को आतंकवाद के खिलाफ दिए समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "जैसे ही हम यूएई की यात्रा का समापन करते हैं, हम यूएई नेतृत्व को उनकी गर्मजोशी से की गई मेहमाननवाज़ी और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत को दिए गए दृढ़ समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं। यहां रहने वाला भारतीय समुदाय - हमारे श्रेष्ठतम राजदूत - ने सीमा पार उग्रवाद को लेकर अपनी पीड़ा साझा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की स्पष्ट और सशक्त नीति का स्वागत किया।"
शिंदे ने यह भी कहा कि भारत और यूएई के बीच लंबे समय से चले आ रहे जन-संपर्क और आर्थिक संबंधों ने दोनों देशों के बीच एक गहरी मित्रता और विश्वास का आधार तैयार किया है।
All Party Delegations: आतंकवाद पर भारत का स्पष्ट रुख
इस यात्रा के दौरान शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. शिंदे ने भारत की 'आतंकवाद पर Zero Tolerance की नीति को दोहराया। उन्होंने कहा, "हमारा संदेश एकदम स्पष्ट है - हम आतंकवाद को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करते, और ज़रूरत पड़ी तो हम इससे भी कड़े कदम उठाएंगे।"
भारतीय सांसदों की टीम ने साफ तौर पर संदेश दिया कि आतंक और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते, जैसे पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते। पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक किसी भी तरह की बातचीत संभव नहीं। भारत एक ऐसा देश हैं जो संयम के साथ जवाब देता है, लेकिन कमजोर नहीं है।
UAE प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन हैं शामिल?
इस अंतरराष्ट्रीय दौरे में शिंदे के साथ कई प्रमुख दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। जिनमें बांसुरी स्वराज (भाजपा), ईटी मोहम्मद बशीर (आईयूएमएल), अतुल गर्ग (भाजपा), सस्मित पात्र (बीजेडी), मनन कुमार मिश्रा (भाजपा), एसएस आहलूवालिया, सुजन चिनॉय शामिल हैं
यह प्रतिनिधिमंडल अब डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) की ओर रवाना हो चुका है, जहां भारत की वैश्विक आतंकवाद विरोधी मुहिम को और गति दी जाएगी।
ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत यह दौरा न केवल भारत की सुरक्षा नीतियों को अंतरराष्ट्रीय समर्थन दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट होता है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति पर अडिग है, चाहे वह राजनीतिक मंच हो, कूटनीति हो या वैश्विक मंच। ऐसे दौरे यह सुनिश्चित करते हैं कि भारत की आवाज सिर्फ सीमा तक सीमित न रह जाए, बल्कि वह दुनिया भर में गूंजे।












Click it and Unblock the Notifications