घंटेभर बंद रहीं पेटीएम-अमेजन समेत कई बड़ी वेबसाइट्स, ग्लोबल सर्वर में आ गई थी दिक्कत
नई दिल्ली, 22 जुलाई: दुनियाभर के कई बड़े मोबाइल ऐप और वेबसाइट्स गुरुवार शाम घंटेभर के लिए पूरी तरह से बंद रहीं। इसकी वजह Akamai के सर्वर में आई दिक्कत बताई जा रही है। इस समस्या के चलते भारत में भी पेटीएम, अमेजन समेत कई ऐप्स डाउन रहे। हालांकि कंपनी ने दावा किया है कि उनकी टीम ने सिस्टम को ठीक कर दिया। जिस वजह से अब उनके क्लाइंट के यूजर्स पहले की तरह ऐप और वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

दरअसल Akamai ग्लोबल कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड स्टोरेज जैसी कई सेवाएं उपलब्ध करवाती है। गुरुवार को अचानक उसके डीएनएस में समस्या आ गई। जिस वजह से पेटीएम, अमेजन, फेडेक्स, डेल्टा एयरलाइन आदि की वेबसाइट और ऐप पूरी तरह से ठप पड़ गए। करीब 45 मिनट के बाद Akamai ने खामी को दूर कर सेवाएं पहले जैसे नॉर्मल कर दीं।
भारत की बात करें तो रात 9.55 पर पेटीएम ने ट्वीट कर लिखा कि Akamai के ग्लोबल सर्वर में दिक्कत की वजह से पेटीएम की कई सेवाओं पर असर पड़ा है। उनकी टीम इस पर काम कर रही है। इसके बाद 10.18 पर एक दूसरे ट्वीट में पेटीएम ने लिखा कि सभी सेवाएं फिर से ऑनलाइन हो गई हैं। इसके साथ ही वो पहले की तरह सुचारू रूप से काम कर रही हैं। वहीं Akamai ने कहा कि अभी तक जिन दिक्कतों का पता चला था, उनको दूर कर दिया गया है। उनकी टीम नजर बनाए हुए है, अगर कोई इश्यू मिलता है, तो उसे भी फिक्स कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications