15 मिनट में वापस लैंड करानी पड़ी फ्रैंक फुट जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट, ये थी बड़ी वजह
नई दिल्ली। बुधवार को दिल्ली से फ्रैंक फुट जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को उड़ान के 15 मिनट बाद ही वापस लैंड करना पड़ा। दरअसल हवा का दबाव कम हो जाने पर पैसेंजर्स की सुरक्षा के मद्देनजर ये लैंडिंग करानी पड़ी है। एयर इंडिया द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस फ्लाइट में कुल 220 पैसेंजर थे। लगभग 20,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचे प्लेन को एयर डिकंप्रेशन के चलते लैंड कराना पड़ा। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि- दिल्ली से फ्रैंक फुट जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI121 में एयर डिकंप्रेशन की दिक्कत के बाद यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाइट को लैंड कराया गया। उन्होंने आगे बताया कि- फ्लाइट के यात्रियों को अन्य एयरक्राफ्ट से 7 मार्च को सुबह 6 बजे उड़ान भर कर मंजिल तक पहुंचाया गया है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयर इंडिया यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देता है।

बता दें कि हाई अल्टीट्यूड पर कम एटमोसफेरिक प्रेशर और कम आक्सीजन की स्थिति बन जाती है। ऐसे में एयरक्राफ्ट के भीतर इंटरनल केबिन प्रेशर मेनटेन करना जरूरी हो जाता है ताकि यात्रियों पर इसका प्रभाव न पड़े।
हालांकि विमान की लैंडिग और उड़ान के समय ऐसी छोटी मोटी चीजें आम हैं। हाल ही में भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही गो एयर की फ्लाइट के एयर टर्बुलेंस से टकराने से दो क्रू मेंबर जख्मी हो गए। हालांकि किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई थी। हादसा फ्लाइट के कोलकाता में लैंड करते वक्त हुआ। गो एयर के प्रवक्ता की ओर से आए बयान में कहा गया कि- गो एयर फ्लाइट G-8761 जो कि भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही थी वह टर्बुलेंस के टकरा गई। इससे दो क्रू मेंबर को हल्की चोट आई है।
यह भी पढ़ें- 'एयर इंडिया में जय हिंद...' निर्देश पर महबूबा मुफ्ती का तंज, 'देशभक्ति ने आसमान को भी नहीं बख्शा'












Click it and Unblock the Notifications