एयर इंडिया की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टिशू पेपर पर लिखे नोट से मचा हड़कंप
Air India Flight Bomb Threat: आज यानि शुक्रवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुंबई से आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिली। फ्लाइट संख्या AI-2954 में एक क्रू मेंबर को केबिन में धमकी भरा संदेश मिला।
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और फ्लाइट की जांच शुरू हुई। हालांकि गहन तलाशी के बाद इस धमकी को फर्जी (Hoax) करार दिया गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह नोट कैसे और किसने छोड़ा।

केबिन में हाथ से लिखा नोट मिला
एक क्रू मेंबर को विमान के अंदर टिशू पेपर के एक टुकड़े पर हाथ से लिखा नोट मिला, जिससे बड़ी सुरक्षा चिंता पैदा हो गई। हालांकि, जांच करने पर पता चला कि यह धमकी पूरी तरह से फर्जी थी। नोट में दावा किया गया था कि 'एयर इंडिया की फ्लाइट में बम है।'
एयर इंडिया का आधिकारिक बयान
एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि, 'हमारे एक विमान में एक अनिश्चित सुरक्षा अलर्ट मिला था। आवश्यक जांच और सुरक्षा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और विमान को अगली उड़ान के लिए क्लीयरेंस दे दी गई है। हमारी प्राथमिकता हमेशा हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा है।' फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह फर्जी नोट विमान में कैसे आया और इसके पीछे किसकी शरारत हो सकती है।
इस घटना से पहले 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, और हादसे में 259 मृतकों की पहचान की जा चुकी है।
मृतकों में विमान की 241 सवारियों और क्रू मेंबर के अलावा जमीन पर मौजूद 18 लोग शामिल थे। हादसे में सिर्फ 1 यात्री जिंदा बचा, जो ब्रिटेन का नागरिक है। जबकि 1 शव की शिनाख्त बाकी है।
ब्लैक बॉक्स से डेटा डाउनलोड
भारतीय जांच एजेंसियों (AAIB), अमेरिकी NTSB और अन्य विशेषज्ञों ने दिल्ली स्थित लैब में क्रैश प्रोटेक्शन मॉड्यूल समेत दोनों ब्लैक बॉक्स की जानकारी डाउनलोड करना शुरू कर दिया है। इस डेटा से हादसे की वजह (इंजन या पावर फेल्योर, विमान की स्पीड-एल्टीट्यूड, पायलट की बातचीत इत्यादि) का पता लग सकेगा।
कब तक आएगी अंतिम रिपोर्ट?
आरएटी (Ram Air Turbine) की तैनाती से इंजन या पावर फेल्योर की संभावना पर जांच हो रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट इस महीने के अंत तक मिलने की उम्मीद जताई गई है, जबकि अंतिम रिपोर्ट अगले तीन महीनों में आएगी ।
एयरलाइन की स्थिति और प्रभाव
- रिपोर्ट के अनुसार, एयर इंडिया के 787-8 Dreamliner जहाजों की जांच तेज कर दी गई है; फिलहाल 26 जहाजों का निरीक्षण हो चुका है।
- एयर इंडिया ने इस हादसे के बाद 83 उड़ानें रद्द कीं और कुछ अंतरराष्ट्रीय मार्गों (यूरोप, यूएस) में छूट दी थी, लेकिन अब धीरे-धीरे ऑपरेशन्स बहाल हो रहे हैं।
- हादसे को लेकर उड़ान सुरक्षा के पुराने मुद्दे उभरकर सामने आए हैं- पायलट कार्य और मेंटेनेंस प्रोसेस में खामियां, सोर्स व्हिसलब्लोअर के आरोपों की फिर से जांच हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications