'कमिटमेंट करने के बाद मैं खुद की भी नहीं सुनता', ऑपरेशन सिंदूर पर एयर चीफ मार्शल का दमदार बयान, 5 बड़ी बातें
Air Chief Marshal AP Singh: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने युद्ध में टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर बात की और 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर कहा की ये बहुत ही पेशेवर तरीके से चलाया गया था। इसी दौरान उन्होंने सलमान खान की फिल्म 'वांटेड' के मशहूर डायलॉग बोलते हुए कहा, ''प्राण जाए पर वचन ना जाए, एक बार जो हमने कमिटमेंट कर दिया, तो बाद में मैं खुद की भी नहीं सुनता।'' ये बातें सीआईआई (CII) वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन 2025 कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कही है।
एपी सिंह ने आत्मनिर्भर भारत पर कहा, "हमें सेनाओं और रक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनियों के बीच विश्वास की जरूरत। हम मेक-इन-इंडिया प्रोडक्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। दुनिया की मौजूदा स्थिति ने हमें आत्मनिर्भर बनने की जरूरत का एहसास कराया है। हम राष्ट्रीय हित को सबसे पहले रखते हैं। आइए हम सब मिलकर इस देश को महान बनाएं।"

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने क्या-क्या कहा?
अब जंग में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो रहा है: एयर चीफ मार्शल एपी सिंह
🔴1. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, ''अब के जंग में टेक्नोलॉजी में का बहुत बड़ा योगदान है। ऑपरेशन सिंदूर ने हमें फिर से स्पष्ट रूप से बता दिया है कि हम किस दिशा में जा रहे हैं और भविष्य में हमें क्या चाहिए। हमारी अपनी विचार प्रक्रिया को फिर से संगठित करने के लिए भी बहुत काम करने की जरूरत है, जो पहले से ही चल रही है। मुझे यकीन है कि चूंकि हम अब तक चुनौतियों का सामना करने में सक्षम रहे हैं, इसलिए भविष्य में भी हम अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम होंगे।"
कई डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट समय पर पूरा नहीं हुआ: एयर चीफ मार्शल एपी सिंह
🔴2. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने देश की रक्षा परियोजनाओं में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अब तक कोई भी डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट समय पर पूरा नहीं हुआ है, जिससे वायुसेना की तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
🔴3. एयर चीफ मार्शल सिंह ने हल्के लड़ाकू विमान (LCA) तेजस Mk1A की डिलीवरी में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि फरवरी 2025 तक 11 तेजस Mk1A विमानों की डिलीवरी का वादा किया गया था, लेकिन एक भी विमान समय पर नहीं मिला। इससे वायुसेना की लड़ाकू क्षमता प्रभावित हो रही है, जो पहले से ही 42 स्क्वाड्रनों के मुकाबले केवल 31 स्क्वाड्रनों के साथ काम कर रही है।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोले?
🔴4. ऑपरेशन सिंदूर को देश के जीत बताते हुए एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने ऑपरेशन की सफलता में योगदान देने वाले हर भारतीय का आभार जताया। उन्होंने कहा, "मैं ऑपरेशन सिंदूर को रिकॉर्ड में दर्ज करना चाहता हूं, जिसके बारे में हम बात कर रहे हैं। यह एक राष्ट्रीय जीत है। यहां मौजूद हर भारतीय का मैं आभार व्यक्त करता हूं। मुझे यकीन है कि हर भारतीय ने इस जीत में योगदान दिया है। जैसा कि बार-बार कहा गया है, यह एक ऐसा ऑपरेशन था जिसे सभी एजेंसियों, सभी बलों ने बहुत ही पेशेवर तरीके से अंजाम दिया। हम सभी एक साथ आए और जब सच्चाई एक साथ होती है, तो सब कुछ अपने आप हो जाता है।"
🔴 5. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, "हम जो भी ऑपरेशन करते हैं, वह हवाई शक्ति के बिना नहीं कर सकते हैं और मुझे लगता है कि इस ऑपरेशन (सिंदूर) के दौरान भी यह बहुत अच्छी तरह से साबित हुआ है। हम सिर्फ भारत में उत्पादन के बारे में बात नहीं कर सकते। हमें भारत में डिजाइन और विकास भी शुरू करने की जरूरत है और जब संख्या में उत्पादन की बात आती है, तो क्षमता सामने आती है।"












Click it and Unblock the Notifications