'जेल में बैठा लखवी कैसे बना बाप?', अल्जीरिया में ओवैसी ने खोला पाकिस्तान का कच्चा-चिट्ठा, पढ़िए खास बातें
Asaduddin Owaisi: पाकिस्तान आतंकवाद का अड्डा बन चुका है, और अब भारत इस सच्चाई को हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुलकर सामने रख रहा है। इसी कड़ी में AIMIM प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अल्जीरिया में पाकिस्तान के दोहरे रवैये पर करारा प्रहार किया।
ओवैसी इस समय एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अल्जीरिया दौरे पर हैं, जहां उन्होंने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए न सिर्फ पाकिस्तान की आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली नीतियों को उजागर किया, बल्कि एक ऐसे उदाहरण से बात को साबित भी किया, जो चौंकाने वाला है।

ओवैसी ने बताया कि पाकिस्तान में जेल में बंद एक कुख्यात आतंकी जकीउर रहमान लखवी ने जेल में रहते हुए ही बच्चे का पिता बनने जैसा काम कर लिया। यह बात पाकिस्तान की उस ढील और शह को दर्शाती है, जो वह आतंकवादियों को देता आया है। ओवैसी का यह बयान उस समय आया है जब भारत वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान की पोल खोलने की मुहिम को और तेज कर रहा है।
ये भी पढ़ें: 'मुनीर के साथ आतंकवादी की तस्वीर, पाकिस्तान बेनकाब', रियाद से ओवैसी का आंतकियों के आका पर बड़ा हमला
अल्जीरिया में ओवैसी की मुख्य बातें-
'जेल में बैठा आतंकी कैसे बन गया पिता?'
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान की आतंकवाद को पनाह देने वाली नीति पूरे दक्षिण एशिया को खतरे में डाल रही है। उन्होंने कुख्यात आतंकी जकीउर रहमान लखवी का उदाहरण देते हुए कहा, "वो आदमी आधिकारिक तौर पर जेल में था, लेकिन वहीं से वह पिता भी बन गया। दुनिया का कोई देश ऐसा नहीं करेगा।"
FATF की ग्रे लिस्ट से पड़ा दबाव
ओवैसी ने बताया कि जब पाकिस्तान को FATF की ग्रे लिस्ट में डाला गया, तब जाकर उस आतंकी के खिलाफ मुकदमा आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के बिना पाकिस्तान पर कोई असर नहीं होता।
'पाक को फिर से ग्रे लिस्ट में डाला जाए'
ओवैसी ने मांग की कि पाकिस्तान को दोबारा फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की ग्रे लिस्ट में डालना चाहिए। उनका कहना है कि इससे भारत में आतंकवाद की घटनाएं घटेंगी। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान आतंकवाद का मुख्य समर्थक है और उसे नियंत्रण में लाना जरूरी है।"
'आतंकवाद की जड़ है विचारधारा और पैसा'
ओवैसी ने कहा कि आतंकवाद दो चीजों पर टिका है- विचारधारा और फंडिंग। उन्होंने कहा, "विचारधारा का असर हम सबने देखा है। दक्षिण अल्जीरिया में भी यह असर मौजूद है। इस मुद्दे पर भारत अल्जीरिया के साथ खड़ा है।"
भारत-अल्जीरिया रिश्तों की तारीफ
ओवैसी ने भारत और अल्जीरिया के बीच मजबूत होते रिश्तों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "नवंबर 2024 में हमने रक्षा क्षेत्र में समझौता किया। मुझे उम्मीद है कि हमारे प्रधानमंत्री जल्द अल्जीरिया आएंगे और अल्जीरिया के राष्ट्रपति भारत का दौरा करेंगे।"
दुनियाभर में भारत की कूटनीतिक मुहिम तेज
ओवैसी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारत आतंकवाद के खिलाफ दुनियाभर में अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की भूमिका को उजागर कर रहा है।
ये भी पढ़ें: 1971 में टूटा था पाकिस्तान, अब ऑपरेशन सिंदूर से चार टुकड़ों में बंटने से कैसे बचा पाक? जानिए इनसाइड स्टोरी












Click it and Unblock the Notifications