MP News: बेटियों की ‘स्कूल कैबिनेट’ से मिले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, छात्राओं को बताया AI का सही इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने कमला नेहरू सरकारी गर्ल्स स्कूल के छात्रों से बातचीत की, जिसमें विवेकपूर्ण एआई उपयोग, लोकतांत्रिक स्कूल परिषद नेतृत्व और मूल्यों पर आधारित शिक्षा पर प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम ने अकादमिक विकास के साथ-साथ विशेषज्ञता, तथ्यों के सत्यापन और सामाजिक सेवा को भी रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल स्थित कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में आयोजित ‘किताब से कल तक’ कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की छात्राओं द्वारा संचालित स्कूल कैबिनेट से मुलाकात की, उसके कार्यों को समझा और छात्राओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एआई उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसके साथ स्वयं का विवेक और तथ्यों का सत्यापन भी आवश्यक है।

AI in Education and Student Cabinet Leadership

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी सरकारी विद्यालय के छात्र रहे हैं और आज के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, शिक्षा और संस्कारों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की पहचान ज्ञान, संस्कृति और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय की छात्राओं द्वारा गठित स्कूल कैबिनेट के सदस्यों को मंच पर आमंत्रित किया और उनसे उनके दायित्वों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव कर कैबिनेट का गठन किया जाता है, जिसमें हेड गर्ल, डिप्टी हेड गर्ल, स्पोर्ट्स मिनिस्टर, कल्चरल मिनिस्टर, डिसिप्लिन मिनिस्टर सहित विभिन्न जिम्मेदारियां तय होती हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास होता है।

AI का करें उपयोग, लेकिन अपना दिमाग भी लगाएं

संवाद के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या वे चैटजीपीटी जैसे एआई टूल्स का उपयोग करते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कार्यक्रमों और विषयों से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त करने के लिए एआई का उपयोग करते हैं, लेकिन किसी भी जानकारी को अंतिम सत्य नहीं मानते। उन्होंने कहा कि "चैटजीपीटी हो या कोई अन्य एआई टूल, उसका उपयोग जरूर करें, लेकिन अपना दिमाग भी लगाएं और तथ्यों का क्रॉस-चेक अवश्य करें।"

सोशल मीडिया, पढ़ाई और जीवन प्रबंधन पर दिए सुझाव

छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया का उपयोग आवश्यक है, इसलिए वे भी इंस्टाग्राम का उपयोग करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ सामान्य ज्ञान बढ़ाने वाली पुस्तकें पढ़ने, लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई केवल डिग्री के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान और जिज्ञासा को बढ़ाने के लिए होनी चाहिए।

तनाव कम करने के बताए उपाय

मुख्यमंत्री ने तनाव प्रबंधन पर भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नियमित योग, व्यायाम, संगीत सुनना और पर्याप्त नींद तनाव कम करने में मददगार होते हैं। साथ ही उन्होंने डायरी लिखने, दैनिक कार्यों की योजना बनाने और आत्ममूल्यांकन की आदत विकसित करने की सलाह दी।

भाई-बहनों को पढ़ाने और समाज सेवा का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से अपने छोटे भाई-बहनों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश भी दिया।

शिक्षकों से भी किया संवाद

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि, उद्यमिता, राजनीति, सेना और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

विद्यालय की उपलब्धियां

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वर्ष 1958 में स्थापित कमला नेहरू कन्या शासकीय विद्यालय अब सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित हो चुका है। यहां नर्सरी से कक्षा 12वीं तक 1,800 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, गणित प्रयोगशाला, पुस्तकालय और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप आधुनिक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध है। विद्यालय को हरित विद्यालय श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर नामित किया गया है तथा राज्य स्तर पर सिल्वर अवॉर्ड भी प्राप्त हो चुका है। विद्यालय में छात्र कैबिनेट के चुनाव ईवीएम आधारित ऐप के माध्यम से कराए जाते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+