अकेले पड़े आडवाणी, सुषमा और जोशी ने भी साथ छोड़ा
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी को भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने पर पहले विरोध करने के बाद सुषमा स्वराज और मुरली मनोहर जोशी का रूख नरम हो गया है। आज पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक में दोनों नेताओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिसके कारण ही सुषमा ने अपनी अम्बाला यात्रा रद्द कर दी है। वहीं जोशी ने कहा है कि वह पार्टी अध्यक्ष द्वारा लिए गये निर्णय को मानने के लिए तैयार हैं।
इस मसले पर सभी नेताओं को एकमत करने के लिए पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने हरसंभव कोशिश की और अब वह नहीं चाहते कि कोई और समस्या हो। पीएम पद के उम्मीदवार पर विवाद खड़ा होने पर राजनाथ नहीं चाहते हैं कि अब इस पर वोटिंग करवानी पड़े। राजनाथ ने कल रात काफी देर तक पार्टी नेताओं से मुलाकात की। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी भी देर रात दिल्ली पहुंचे, उन्होने सुषमा और आडवाणी से मुलाकात की। इसके अलावा अनंत कुमार से वार्ता के बाद सुषमा ने भी अपनी अम्बाला जाने की योजना रद्द कर दी।

आज पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता दिल्ली में मौजूद रहेंगे, ऐसे में आज देर शाम प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नरेंद्र मोदी के नाम की घोषणा हो सकती है। मोदी के नाम की घोषणा की तैयारी पहले ही आरएसएस ने कर ली थी, लेकिन अभी भी कई नेता सशंकित हैं कि अंतिम समय में कोई नई समस्या न आ जाए।












Click it and Unblock the Notifications