दिल और मस्तिष्क के बाद कोरोना का एक और अंग पर हमला, आंतों में बना रहा थक्के और गैंग्रीन
मुंबई, 2 जून। कोविड-19 का वायरस तो समय के साथ अपना रूप बदल ही रहा है। महामारी से पीड़ित मरीजों में बीमारी की भयावहता भी बढ़ती जा रही है। पहले जहां हृदय और मस्तिष्क की धमनियों में रक्त के थक्के जम रहे थे अब कोविड मरीजों के आंतों में भी थक्के और गैंग्रीन के मामले भी सामने आ रहे हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक मुंबह के अस्पतालों में लगभग एक दर्जन कोविड मामलों के इलाज के दौरान डॉक्टर्स और सर्जन को मरीजों में जो लक्षण मिले हैं वे आगाह करते हैं कि कष्टदायी और अभी तक न समझी गई पेट दर्द की शिकायतों की जांच की जानी चाहिए।
डॉक्टरों ने जो अध्ययन किया है उसमें पता चला है कि कोविड -19 के लगभग 16-30% रोगियों में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल लक्षण भी होते हैं और उनमें सांस संबंधी समस्याओं का कोई लक्षण नहीं होता है। आंतों के थक्कों वाले रोगी तीव्र मेसेन्टेरिक इस्किमिया का शिकार हो सकते हैं। यह एक दुर्लभ बीमारी है जिसमें मरीज की मौत हो जाती है।
आईसीएमआर ने रिसर्चर से मांगा सहयोग
इस बीच मेडिकल क्षेत्र में शोध को लेकर काम करने वाली केंद्रीय संस्था आईसीएमआर ने देश भर के स्वतंत्र शोधकर्ताओं को कोविड-19 से संबंधित जानकारी में योगदान देने के लिए अपनी पसंद वाले क्षेत्र में नए रिसर्च करने और नए विचार देने के लिए कहा है। वर्तमान में वायरस के संक्रमण की प्रकृति, टीकों को लेकर प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया जैसे विभिन्न पहलुओं से संबंधित जानकारी बहुत ही कम है।
इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च ने कहा है कि "टीके को लेकर हिचकिचाहट, बीमारी के क्लीनिकल स्पेक्ट्रम और इसकी प्रगति के चालकों को समझना महत्वपूर्ण है। इसके अलावा उभरते वैश्विक साक्ष्यों के अनुरूप क्लीनिकल प्रबंधन प्रोटोकॉल तैयार करने की आवश्यकता है।"
इसमें आगे कहा गया है कि "आईसीएमआर अब देश भर के स्वतंत्र शोधकर्ताओं को कोविड-19 से संबंधित वैज्ञानिक ज्ञान में योगदान करने के लिए आमंत्रित करता है, जो अपने नवीन अनुसंधान विचारों को निम्नलिखित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में संक्षिप्त अवधारणा प्रस्तावों के रूप में प्रस्तुत करते हैं।" जिन क्षेत्रों में शोध के लिए आमंत्रित किया गया है उनमें "क्लीनिकल रिसर्च, डायग्नोस्टिक और बायोमार्कर, महामारी विज्ञान और निगरानी और संचालन अनुसंधान शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications