Punjab: संदिग्ध नाव के बाद Indo-Pak बार्डर पर दिखा ड्रोन, BSF ने की फायरिंग
अमृतसर, 28 अक्टूबर। एक बड़ी खबर अमृतसर से है, जहां गुरुवार को अजनाला थाना क्षेत्र के पास भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन देखा गया। ड्रोन को देर रात 12.30 पर शाहपुर सीमा चौकी के पास देखा गया, जिस पर सीमा सुरक्षा बल की 73वीं बटालियन ने गोलियां चलाईं, जिसके बाद यह ड्रोन पाकिस्तान की ओर चला गया। बीएसएफ और सुरक्षा एजेंसियां को शक है कि ड्रोन का इस्तेमाल किसी सामान या हथियार को राज्य में गिराने के उद्देश्य से तो किया गया, फिलहाल मामले की जांच जारी है।

आपको बता दें कि पिछले काफी वक्त से खबरें आ रही हैं कि ड्रोन के जरिए पाकिस्तान पंजाब के कुछ स्थानों पर हथियार पहुंचाने का काम कर रहा है। मालूम हो कि कल ही बीएसएफ को पाकिस्तान की तरफ से आई एक बोट भी मिली थी, जिसकी भी जांच की जा रही है। बीएसएफ को पाकिस्तानी नाव पठानकोट के बमियाल बॉर्डर पर तरनाह नाले में मिली है। आशंका जताई जा रही है कि इस नाव में बैठकर कुछ संदिग्ध लोग इंडिया में असलहा लेकर आए हैं, हालांकि अभी तक की जांच में कुछ भी हासिल नहीं हुआ है, फिलहाल तलाश जारी हैं, सुरक्षा एजेंसिंया अलर्ट पर हैं।
पंजाब और कश्मीर बार्डर पर संदिग्ध ड्रोन की हरकतें बढ़ीं
आपको बता दें कि पिछले काफी वक्त से पंजाब और कश्मीर बार्डर पर संदिग्ध ड्रोन की हरकतें बढ़ गई हैं। जम्मू-कश्मीर के कई सैन्य इलाकों के पास संदिग्ध ड्रोन देखे गए हैं। जो कि थोड़ी देर मंडराने के बाद पाक की सीमा में दाखिल हो जाते हैंं। गौरतलब है कि 27 जून को पहली बार ड्रोन के जरिए जम्मू के एयरफोर्स स्टेशन पर हमला किया गया था। राज्य में कई जगहों पर ड्रोन के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा हुआ है और इसको लेकर गाइडलाइंस जारी हैं। यही नहीं जिन व्यक्तियों के पास पहले से ही ड्रोन कैमरे/मानव रहित हवाई वाहन हैं, उन्हें स्थानीय पुलिस थाने में जमा करने के आदेश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications