गुलमर्ग में 18 घंटे तक हैवी फायरिंग के बाद भागे पाक घुसपैठिए
गुलमर्ग और नौगाम तक दाखिल हो चुके थे घुसपैठिए, 18 घंटे बाद खदेड़ने में मिली इंडियन आर्मी को सफलता।
श्रीनगर। पाकिस्तान किस कदर जम्मू कश्मीर में घुसपैठ को अंजाम दे रहा है और वह किस हद तक आतंकियों को दाखिल कराने के लिए परेशान है, इसका अंदाजा नई घटना से लगाया जा सकता है। नॉर्दन कमांड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बुधवार को घुसपैठिए कश्मीर के गुलमर्ग नौगाम सेक्टर तक आ पहुंचे थे।

18 घंटे तक फायरिंग
गुरुवार को नॉर्दन कमांड ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्विट किया कि 18 घंटे तक हैवी फायरिंग के बाद इंडियन आर्मी ने गुलमर्ग और नौगाम तक आ पहुंचे घुसपैठियों को खदेड़ने में सफलता हासिल की है।
आपको बता दें कि माछिल की घटना के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष नए मुकाम पर जा पहुंचा है।
एलओसी पर आक्रामक इंडियन आर्मी
मंगलवार को माछिल में एनकाउंटर के बाद इंडियन आर्मी की राष्ट्रीय राइफल्स के तीन जवान शहीद हो गए थे। एक शहीद राइफलमैन प्रभु सिंह के शव के साथ पाक आतंकियों ने बर्बरता की थी।
इसके बाद से ही एलओसी पर भारी फायरिंग हुई है। माछिल घटना के बाद इंडियन आर्मी और ज्यादा आक्रामक हो गई है।
पाक सेना के तीन सैनिक ढेर
एलओसी पर पाकिस्तान को जवाब देने के लिए अपना अभियान शुरू कर दिया है। पुंछ और राजौरी में इंडियन आर्मी की ओर से पाक को तगड़ा जवाब दिया जा रहा है।
पाक की ओर से दावा किया गया कि इंडियन आर्मी की जवाबी कार्रवाई में तीन पाक सैनिक मारे गए हैं। इनमें एक कैप्टन रैंक का ऑफिसर भी शामिल है।
बुधवार को एलओसी के पास भिमबेर गली, कृष्णा घाटी और नौशेरा सेक्टर में जमकर फायरिंग हुई थी जिसमें मोर्टार और रॉकेट लॉन्चर का प्रयोग किया गया।
पाक डीजीएमओ भारत की प्रतिक्रिया से घबराए
इंडियन आर्मी की ओर से जिस तरह से पिछले 48 घंटों से पाकिस्तान को जवाब दिया जा रहा है उसने पाक को परेशान कर दिया है।
इसी परेशानी का नतीजा था कि बुधवार को पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (डीजीएमओ) ने भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह से फोन पर बात की थी।
भारत की ओर से पाक को साफ कर दिया गया है कि अगर उसे उकसाया गया तो फिर बराबर जवाब दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications