अदाणी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में IISc निदेशक बोले- AI से शिक्षा-शोध में तेजी, लेकिन भरोसे का संकट
अदाणी यूनिवर्सिटी का तीसरा दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के अहमदाबाद कैंपस में भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर विभिन्न संकायों में ग्रेजुएट होने वाले 374 छात्रों को उपाधि प्रदान की गई जब कि 10 छात्रों को अकादमिक्स और रिसर्च में शानदार प्रदर्शन के लिए उत्कृष्टता पदक से सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह में बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) के निदेशक प्रो. गोविंदन् रंगराजन ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शिक्षा और वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रहा है, लेकिन इसके बढ़ते प्रभाव से सच्चाई, भरोसे और मानवीय रिश्तों को लेकर चिंताएं भी पैदा हो रही हैं। प्रो. रंगराजन अदाणी यूनिवर्सिटी (Adani University) के तीसरे दीक्षांत समारोह (Convocation) में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रंगराजन ने कहा, "AI शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपार संभावनाएं प्रदान करता है। यह जटिल समस्याओं को सुलझाने और वैज्ञानिक खोजों को तेज करने में हमारी मदद कर सकता है। लेकिन हमें इसके परिणामों को लेकर भी सतर्क रहना होगा।" उन्होंने आगे कहा, "जब इतने आश्वस्त करने वाले तरीके से तस्वीरें, वीडियो और जानकारी जेनरेट की जा सकती हैं, तो हम कैसे जान सकते हैं कि क्या सच है?
प्रो. रंगराजन ने कहा कि तकनीक भले ही हमें डिजिटल तौर पर करीब ला रही है, लेकिन असली सवाल यह है कि क्या हम एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं? हमें AI की खूबियों को अपनाना चाहिए, लेकिन साथ ही यह भी सोचना चाहिए कि हम क्या खो सकते हैं।"
बड़े पैमाने पर नवाचार की जरूरत: डॉ. प्रीति अदाणी
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए अदाणी यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष और अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी ने ग्रेजुएट स्टुडेंट्स को संबोधित किया। उन्होंने देश के विकास में बुनियादी ढांचे की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, "भारत ने उल्लेखनीय पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया है। अब हमें बड़े पैमाने पर नवाचार (Innovate) और इन्क्यूबेट करना सीखना होगा।"
डॉ. प्रीति अदाणी ने छात्रों से ऐसे नवाचारों पर काम करने का आह्वान किया जो समाज के सबसे वंचित वर्गों तक पहुंच सकें। समारोह के अंत में यूनिवर्सिटी के प्रोवोस्ट प्रो. (डॉ.) धवल पुजारा ने वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और उद्योग भागीदारों के योगदान का उल्लेख किया तथा अकादमिक नींव को मजबूत करने व अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।


Click it and Unblock the Notifications
