'बाबा का ढाबा' हुआ सुपर हिट, बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन ने दिया ये खास ऑफर
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में मौजूद 'बाबा का ढाबा' अब काफी मशहूर हो गया है। एक दिन पहले ही यहां का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बुजुर्ग दंपति काफी परेशान नजर आ रहे थे। उन्होंने वीडियो बनाने वाले को बताया कि कैसे उनकी दुकान पर ज्यादा बिक्री नहीं हो रही है और कई बार लागत के लायक भी कमाई नहीं हो पाती। इस बारे में बताते हुए दोनों रोने भी लगे थे। इस वीडियो को बनाने वाले ने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जिसके बाद वीडियो को कई फूड ग्रुप और सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर जमकर शेयर किया गया। आज लगभग पूरा भारत जानने लगा है कि दिल्ली में बाबा का ढाबा कहां स्थित है। इसपर कई बॉलीवुड और क्रिकेट सेलिब्रिटीज ने भी ट्वीट किए हैं।

रवीना ने दिया ये खास ऑफर
अभिनेत्री सोनम कपूर ने तो मदद की पेशकश भी की है। वहीं अभिनेत्री रवीना टंडन ने यहां खाना खाने वाले लोगों को एक खास ऑफर दिया है। रवीना ने ट्वीट करते हुए कहा है, '#बाबाकाढाबा दिल्ली वालों दिल दिखाओ। जो भी यहां खाए, मुझे तस्वीर भेजे, मैं आपकी तस्वीरों के साथ एक प्यारा सा मैसेज डालूंगी।' अपने ट्वीट के साथ ही उन्होंने स्थानीय बिजनेस को सपोर्ट करने की भी अपील की है। रवीना के ट्वीट पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग तो बाबा का ढाबा के यहां से तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि कितनी भारी संख्या में लोग यहां खाना खाने पहुंच रहे हैं।

क्या बोल रहे हैं लोग?
रवीना टंडन के ट्वीट पर भारती नामक यूजर ने कहा, 'मुझे दिल से बहुत दुख लगा इस वीडियो को देखकर दिमाग से नहीं निलती। दिल्ली वालों कृपया दादू के ढाबे पे जाकर उनके खाने का स्वाद जरूर लेना यकीन मानिये रेस्टोरेंट से ज्यादा सुकून मिलेगा।' एसके हसु मतंग नामक यूजर ने कहा, 'सोशल मीडिया की सकारात्मक ताकत से रातों रात फेमस हुआ बाबा का ढाबा, मालवीय नगर के बाबा का ढाबा पर लोगों की भीड़। एक दिन में बदली किस्मत।' वहीं कुछ लोगों ने रवीना को सलाह दी है कि आप इस ऑफर को देने के बजाय खुद जाकर बाबा की मदद करें। वहीं कुछ लोग यहां का वीडियो शेयर कर रहे हैं।

मदद के लिए आगे आए कई सेलिब्रिटी
वीडियो को सोशल मीडिया पर Vasundhara Tankha Sharma नामक यूजर ने भी शेयर किया था। उन्होंने वीडियो शेयर कर लिखा, इस बुजुर्ग व्यक्ति के आंसू देखकर मेरा दिल भर आया है, प्लीज आप लोग यहां खाने जाएं और इनकी मदद करें। वीडियो को देखकर भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन ने कहा है, चलो इस आदमी की भवना और फाइट को टूटने नहीं देते हैं, आइए हम सब इनकी मदद करें। इसके अलावा अश्विन ने लिखा है, मैं भी कुछ मदद करना चाहता हूं। आप बताइए मैं कैसे इनकी मदद करूं। सोनम कपूर ने इस ढाबे वाला का पता मांगा है। वहीं जमौटो (Zomato) ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि वो देखते हैं इसपर क्या कर सकते हैं। 2009 बैच के IAS अधिकारी अवनीश शरण ने वीडियो पर लिखा है, बाबा का ढाबा जाइए, लजीज खाने का लुत्फ उठाइए जिससे इनकी मदद हो सके।












Click it and Unblock the Notifications