इंस्टाग्राम वाले वीडियो को लेकर अब नई मुश्किल में एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता, हरियाणा से जुड़ा है मामला
'तारक मेहता का उलटा चश्मा' में बबीता जी का किरदार निभाने वालीं मुनमुन दत्ता एक नई मुश्किल में घिर गई हैं...
नई दिल्ली, 14 मई: सब टीवी के चर्चित शो 'तारक मेहता का उलटा चश्मा' में बबीता जी के किरदार से सुर्खियां बटोरने वालीं अभिनेत्री मुनमुन दत्ता अपने विवादित वीडियो को लेकर अब एक और मुश्किल में फंस गई है। इस वीडियो में मुनमुन दत्ता ने एक जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने अपने कमेंट में मुंबई पुलिस को टैग करते हुए मुनमुन दत्ता को गिरफ्तार करने की भी मांग उठाई। विरोध बढ़ता देख मुनमुन दत्ता ने अपना वीडियो डिलीट करते हुए माफी भी मांगी, लेकिन उनकी मुश्किल फिलहाल कम होती हुई नजर नहीं आ रही हैं।
Recommended Video

एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज
दरअसल, हरियाणा पुलिस ने मुनमुन दत्ता के खिलाफ जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। मुनमुन दत्ता के वीडियो को लेकर नेशनल अलाइंस फॉर दलित ह्यूमन राइट्स नामक संगठन के संयोजक रजत कलसान ने हरियाणा के हांसी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने एक्ट्रेस के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया।

एसपी को सौंपी गई वीडियो की सीडी
रजत कलसान ने 11 मई को दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि मुनमुन दत्ता ने दलित समाज के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। लिखित शिकायत के साथ-साथ रजत कलसान ने हांसी के एसपी को अभिनेत्री मुनमुन दत्ता के विवादित वीडियो की सीडी भी सौंपी। इसके बाद हांसी की एसपी निकिता गहलौत ने मुनमुन दत्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। हांसी थाने के एसएचओ दलबीर सिंह ने इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि मुनमुन दत्ता पर केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुनमुन दत्ता के वीडियो में क्या था
गौरतलब है कि मुनमुन दत्ता ने बीते रविवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में मुनमुन दत्ता ने कहा कि वो यूट्यूब चैनल पर आने वाली हैं और इसलिए बहुत अच्छा दिखना चाहती हैं। इस दौरान उन्होंने एक जातिसूचक शब्द का भी इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, लोगों ने उन्हें निशान पर ले लिया और गिरफ्तारी की मांग की।

वीडियो को लेकर मुनमुन दत्ता ने क्या कहा
हालांकि बाद में मुनमुन दत्ता ने इस वीडियो को डिलीट कर दिया और इंस्टाग्राम पर अपनी माफी जारी की। मुनमुन दत्ता ने अपनी माफी में लिखा कि उनके साथ भाषा की समस्या है और इसलिए उन्हें उस शब्द का सही अर्थ मालूम नहीं था। मुनमुन ने आगे लिखा कि उनके वीडियो की वजह से अनजाने में जिस किसी की भी भावनाएं आहत हुई हैं, वो उन सभी लोगों से माफी मांगती हैं।

कौन हैं मुनमुन दत्ता
आपको बता दें कि मुनमुन दत्ता टीवी की एक मशहूर एक्ट्रेस और मॉडल हैं, जिन्हें लोग 'सब टीवी के सीरियल 'तारक मेहता का उलटा चश्मा' में बबीता अय्यर के तौर पर ज्यादा जानते हैं। टीवी शो के अलावा मुनमुन दत्ता ने अभिनेता कमल हासन के साथ फिल्म मुंबई एक्सप्रेस और 2006 में आई हॉलीडे में भी काम किया है। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की रहने वालीं मुनमुन दत्ता सबसे पहले दूरदर्शन और आकाशवाणी में एक बाल गायक के तौर पर नजर आईं थी।












Click it and Unblock the Notifications