जब दिलजीत दोसांझ से ट्रोलर ने पूछा आप हिंदू पर्व की बधाई क्यों नहीं देते, एक्टर ने की बोलती बंद
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ को उनकी बेहतरी गायकी और अदाकारी के लिए जाना जाता है। उड़ता पंजाब, गुड न्यूज जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी जानदार एक्टिंग का लोहा मनवाया था। दिलजीत के लाखों फैंस हैं, जो उनकी गायकी और एक्टिंग दोनों को बेहद पसंद करते हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अपने फैंस के साथ जुड़े रहते हैं। सोशल मीडिया के इस दौर में हर बड़े सितारे को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है, इस बार दिलजीत भी इसका शिकार हुए हैं।

बधाई पर उठाया सवाल
दरअसल दिलजीत दोसांझ ने प्रकाश पर्व के अवसर पर लोगों को बधाई दी थी, जिसके बाद लोगों ने उनके इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू की और उनसे सवाल खड़ा किया कि आखिर वह दूसरे समुदाय के त्योहारों में पर लोगों को बधाई क्यों नहीं देते हैं। एक यूजर ने ट्वीट कर लिखा कि कभी हिंदू त्योहारों की भी बधाई दे दिया करो। यूजर के इस ट्वीट पर दिलजीत दोसांझ ने जवाब दिया, जिसके बाद अब शायद दिलजीत दोसांझ धर्म के नाम पर ट्रोल करना ट्रोलर्स के लिए आसान नहीं होगा।

ट्रोलर की बोलती बंद की
बता दें कि दिलजीत दोसांझ ने ट्विटर पर प्रकाश पर्व के मौके पर एक तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, धन धन श्री गुरू ग्रंध साहिब जी के प्रकाश पर्व पर लख लख मुबारका जी। सब सिखन को हुकम है, गुरू मान्यो ग्रंथ। दिलजीत के इस ट्वीट पर रनबीर नाम के यूजर ने उन्हें ट्रोल करते हुए कहा कभी हिंदू धर्म त्योहारों की भी बधाई दे दिया करो। जिसके जवाब में दिलजीत ने पंजाबी में लिखा, यह सब लिखने से पहले कुछ शर्म तो कर लिया कर, अगर तुझे शर्म नहीं है तो मैं तुझे जवाब दे देता हूं कि मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। दिलजीत के इस ट्वीट के बाद यूजर की बोलती बंद हो गई और लोग दिलजीत के इस ट्वीट के लिए उनकी तारीफ कर रहे हैं।

दिलजीत का जवाब हो रहा वायरल
दिलजीत दोसांझ के इस जवाब के बाद उनका यह ट्वीट वायरल हो रहा है। लोग दिलजीत को ट्रोल करने की कोशिश करने वाले यूजर की जमकर क्लास लगा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि धर्म का ज्ञान हमे मत दो, हम जब पाठ करने बैठते हैं तो सबसे पहले पढ़ते हैं एक ओमकार, यानि ईश्वर एक है। जबकि दूसरे यूजर ने लिखा पाजी क्यों मुह लग रहे हो ऐसे घटिया बन्दे के।












Click it and Unblock the Notifications