पंतजलि ने तैयार की कोरोना की दवा, बालकृष्ण का दावा- 5 से 14 दिन में ठीक हो रहे मरीज
नई दिल्ली। कई प्रकार के उत्पाद बनाने वाली कंपनी पतंजलि ने दावा किया है कि उन्होंने कोरोना वायरस की दवाई तैयार कर ली है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि आयुर्वेदिक दवाई तैयार की गई है, और अभी तक इसको जिन लोगों पर ट्रायल के तौर पर इस्तेमाल किया गया वो ठीक हुए हैं। पंतजलि के सीईओ आचार्य बालकृष्ण ने कहा है कि पांच से 14 दिन के भीतर इस दवाई से कोरोना के मरीज रिकवर हो रहे हैं।
Recommended Video

कोरोना के मामले आते ही तैयारी पर लग गई थी टीम
आचार्य बालकृष्ण ने शनिवार को कहा, कोविड19 के मामले आने जब शुरू हुए तो हमने वैज्ञानिकों की एक टीम नियुक्त की। कोरोना वायरस का पता चलते ही पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों की टीम इसकी दवा खोजने में जुट गई थी। सबसे पहले, सिमुलेशन किया गया था और कंपाउंड खोजे गए जो इस वायरस से लड़ सकते हैं। फिर, हमने क्लीनिकल ट्रायल शुरू किया। हमने कई कोरोना पॉजिटव मरीजों पर इसे आजमाया और हमें सभी में 100 फीसदी रिजल्ट मिला।
4-5 दिन में दवा सामने लाएंगे
आचार्य बालकृष्ण का कहना है, हमारी दवा लेने के बाद, कोरोना से संक्रमित मरीज 5 से 14 दिनों में ठीक हो गए और इसके बाद उनका टेस्ट किया गया तो निगेटिव आया। हम कह सकते हैं कि कोरोना नाइलाज नहीं है, आयुर्वेद के जरिए से इसका इलाज हो सकता है। अभी हम सिर्फ क्लीनिकल ट्रायल कर रहे हैं। हम केवल नियंत्रित नैदानिक परीक्षण कर रहे हैं। अगले 4-5 दिन के भीतर हम तमाम साक्ष्य और डाटा के साथ दवा को सबके सामने रखेंगे।

अभी तक दुनिया में ना कोरोना की दवा ना टीका
कोरोना वायरस बीते पांच से छह महीने में दुनिया भर में परेशानी का सबब बना हुआ है। लाखों लोगों की जान इससे जा चुकी है। दुनिया में कई खोज चल रही हैं लेकिन इसका अब तक दवा या टीका नहीं बन सका है। ऐसे में पंतजलि ने इसकी दवा बनाने का दावा किया है। हालांकि उनके दावे में कितना दम है, इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
बता दें कि देश में कोरोना वायरस का संक्रमण अब तेजी से फैल रहा है। देशभर में पिछले 24 घंटे में 11,458 नए मामले सामने आए हैं और 386 लोगों की मौत हुई है। भारत में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 3,08,993 हो गई है, जिनमें से 1,45,779 सक्रिय मामले हैं। देश में अब तक 1,54,330 लोग ठीक हो चुके हैं और 8,884 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications