'झूठ बोल रही है दिल्ली पुलिस, उसके बिना अंतिम संस्कार नहीं करेंगे', दादी की मौत पर अभिजीत दीपके की मां का आरोप

Abhijeet Dipke mother Anita Dipke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके की हिरासत को लेकर उनके परिवार ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिजीत की मां अनीता दीपके का कहना है कि पुलिस ने उनके बेटे को दादी के निधन की जानकारी नहीं दी। असल में दीपेक को 10 अक्तूबर को हिरासत में लिए जाने के कुछ देर बाद उनकी 80 वर्षीय दादी का निधन हो गया था।

परिवार का दावा है कि अभिजीत के हिरासत में रहते हुए उनसे संपर्क करने की तमाम कोशिशें नाकाम रही हैं। उनके पिता भगवान दीपके ने भी सवाल उठाए हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार नहीं किया गया था। तीनों को एहतियातन हिरासत में रखा गया था। तीनों नेताओं 11 अक्तूबर की सुबह कोर्ट में पेशी के बाद रिहा कर दिया गया है।

Abhijeet Dipke mother Anita Dipke

'अगर पता होता तो तुरंत आता बेटा': माता-पिता ने उठाए सवाल

महाराष्ट्र के हिंगोली में रहने वाली अभिजीत की मां अनीता दीपके ने दिल्ली पुलिस पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पुलिस बिल्कुल झूठ बोल रही है। अगर अभिजीत को दादी के निधन की खबर मिली होती, तो वह उसी वक्त रात में घर लौट आता।

अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने दावा किया कि उनके बेटे को दिल्ली में रखा ही नहीं गया था, बल्कि कहीं बाहर भेज दिया गया था। परिवार ने बताया कि जब तक अभिजीत घर नहीं आ जाता, तब तक दादी का अंतिम संस्कार रोक दिया गया है।

मां ने कहा,

'हमारी उनसे कोई बात नहीं हुई है। हिरासत में लिए जाने के बाद से उनसे संपर्क नहीं कर पाए हैं। दिल्ली पुलिस झूठ बोल रही है। अगर उन्हें खबर (उनकी दादी की मौत) मिलती, तो वे तुरंत आ जाते हमने उनके अंतिम संस्कार को रोक दिया है।'

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार नहीं किया गया था। तीनों को एहतियातन हिरासत में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, उन्हें दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 107/151 के तहत हिरासत में लिया गया और कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। बाद में तीनों नेताओं को करीब 23 घंटे हिरासत में रखने के बाद रविवार सुबह रिहा कर दिया गया। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह के मुताबिक, रिहाई के दौरान शर्त रखी गई कि तीनों एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे।

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर जानकारी दी है कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को 10.10.2026 को BNSS की धारा 126/170 के तहत प्रिवेंटिव अरेस्ट किया गया। सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और उन्हें 11.10.2026 को SEM कोर्ट, दिल्ली कैंट के सामने पेश किया गया। शांति और अच्छा व्यवहार बनाए रखने के लिए, एक साल के लिए ₹50,000/- का जमानत बॉन्ड भरा गया और उन्हें SEM कोर्ट ने रिहा कर दिया है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ा है पूरा मामला

अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया गया था। CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। पार्टी ने रविवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रदर्शन बुलाया था।

शनिवार की पुलिस कार्रवाई के दौरान हजारों समर्थकों को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई। अलग-अलग रिपोर्टों में हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़े से ही वास्तविक संख्या साफ हो सकती है।

20 से ज्यादा FIR, चार लोगों की गिरफ्तारी का दावा

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, शनिवार के प्रदर्शन को लेकर 20 से ज्यादा FIR दर्ज की गईं। ये मामले सरकारी काम में बाधा डालने, कानून हाथ में लेने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट जैसे आरोपों से जुड़े बताए गए हैं। इसके अलावा, सिविक सेंटर के पास प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

CJP दोपहर 2 बजे करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

रिहाई के बाद अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन से रवाना हो गए। उस समय उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कार के अंदर से बताया कि पार्टी दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।

अब इस मामले में दो सवाल अहम हैं। पहला, परिवार को अभिजीत से संपर्क करने में दिक्कत क्यों हुई? दूसरा, हिरासत के दौरान उनके ठिकाने और परिवार से संपर्क को लेकर उठे आरोपों पर पुलिस क्या जवाब देती है? फिलहाल परिवार के आरोप और पुलिस का पक्ष अलग-अलग हैं। पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर दोनों पक्षों की पुष्टि और उपलब्ध आधिकारिक रिकॉर्ड से ही सामने आएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+