हाईकोर्ट पहुंचे AAP सांसद संजय सिंह, ईडी की गिरफ्तारी को दी चुनौती
Delhi liquor scam: दिल्ली शराब नीति मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। हाईकोर्ट संजय सिंह की याचिका पर आज ही सुनवाई कर सकता है।
इसके साथ ही संजय सिंह ने ट्रायल कोर्ट के उस फैसले को भी हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें ईडी को उनकी रिमांड सौंपी गई है। संजय सिंह के वकील ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस संजीव नरूला की बेंच को बताया कि ईडी ने उनके मुवक्किल को गिरफ्तारी का कोई आधार ही नहीं बताया।

गौरतलब है कि संजय सिंह को ईडी ने 2021-22 के दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। ईडी ने अपने आरोपों में कहा है कि दिल्ली शराब नीति को तैयार करने और उसे लागू करवाने में संजय सिंह की एक बड़ी भूमिका थी और इसके जरिए कई शराब निर्माताओं, थोक-खुदरा विक्रेताओं को फायदा पहुंचाया गया।
हालांकि संजय सिंह ने ये सभी आरोप खारिज करते हुए उन्हें झूठ और निराधार बताया। संजय सिंह ने कोर्ट में यह भी कहा कि ईडी बिना कोर्ट को सूचित करे उन्हें कहीं ले जाकर ऊपर पहुंचाना चाहती है। कोर्ट में संजय सिंह ने कहा कि एक मकसद के तहत उनके साथ ऐसा किया जा रहा है।
4 अक्टूबर को हुई थी संजय सिंह की गिरफ्तारी
इस हफ्ते की शुरुआत में ही दिल्ली की अदालत ने संजय सिंह को 13 अक्टूबर तक के लिए ईडी की हिरासत में भेजा था। साथ ही कोर्ट ने कहा कि मामले में सामने आए नए तथ्यों और ईडी को हाल ही में तलाशी में मिले डिजिटल सबूतों को देखते हुए रिमांड जरूरी है। इससे पहले 4 अक्टूबर को ईडी ने संजय सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर 4 अक्टूबर को छापेमारी की थी और शाम को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications