पंजाब में आप विधायकों को सदन से बाहर फेंका, बेहोश
आम आदमी पार्टी के विधायकों ने लगाया उनके साथ अभद्रता का आरोप, सदन के बाहर मार्शल ने उछाली पगड़ी
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी एक बार फिर से चर्चा में हैं, इस बार पंजाब विधानसभा के भीतर जमकर हंगामे के बाद आम आदमी पार्टी के विधायकों को मार्शल ने उठाकर बाहर कर दिया। जानकारी के अनुसार मार्शल ने आप विधायक मंजीत सिंह को सदन के बाहर फेंक दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। मंजीत सिंह आम आदम पार्टी के पंजाब की निहाल सिंहवाला विधानसभा सीट से विधायक हैं।

बेहोश होने के बाद मंजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अपने विधायक के साथ हुए इस बर्ताव के खिलाफ आप विधायक सिमरजीत सिंह बैंस और सुखपाल खैरा विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल आम आदमी पार्टी के विधायक सुखपाल खैरा और सिमरजीत सिंह बैंस को सदन में प्रवेश नहीं दिया गया। जिसके बाद आप विधायकों ने आरोप लगाया है कि विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी और अमरिंदर सरकार उन्हें सदन में जाने से रोक रही है।
आप विधायकों का आरोप है कि हमने प्रदेश में बालू और जमीन माफिया के खिलाफ सदन में आवाज उठाई थी, जिसके बाद 15 जून को बैंस को और खैरा को 16 जून तक के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया था। आप विधायकों ने आरोप लगाया है कि सदन में जाने से रोकने के लिए उनके खिलाफ पुलिस की मदद ली गई। आप विधायकों को सदन से बाहर किए जाने के खिलाफ भाजपा और शिरोमणी अकाली दल के भी विधायकों ने सदन का बहिष्कार किया है।
आम आदमी पार्टी विधायक पीरमल सिंह ने आरोप लगाया है कि मार्शल ने उन्हें सदन से बाहर करते हुए अभद्रता की और उनकी पगड़ी को उठाल दिया, यही नहीं आप की महिला विधायकों को पुरुष मार्शल ने सदन से बाहर किया है। आप ने आरोप लगाया है कि उनकी महिला विधायक बलजिंदर कौर, रूपिंदर कौर, सरबजीत कौर के साथ बदसलूकी की गई। आपको बता दें कि भारी हंगामे के चलते सदन की कार्रवाई पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। 23 जून को सदन का आखिर दिन है।












Click it and Unblock the Notifications