BulandshaharViolence: शहीद सुबोध कुमार की तस्वीर के साथ कुमार विश्वास ने शेयर की कविता- 'अंधभक्तों जाग जाओ...'
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर की स्याना कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या के मामले में बजरंग दल के नेता योगेश राज को मुख्य आरोपी बनाया गया है, बताया जा रहा है कि उसी ने सबसे पहले गोकशी की शिकायत की थी और उसी ने भीड़ को भड़काने का काम किया। इस बारे में स्याना कोतवाली में उपनिरीक्षक सुभाष सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस केस में बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज के अलावा भाजपा युवा स्याना के नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल, विहिप कार्यकर्ता उपेंद्र राघव के अलावा 27 लोगों के भी नाम हैं।
कुमार विश्वास ने शेयर की कविता- 'अंधभक्तों जाग जाओ...'
इस मुद्दे पर सीएम योगीआदित्यनाथ और उनकी सरकार लगातार आरोपों और सवालों के घेरे में हैं, इसी बीच आम आदमी पार्टी के नेता डॉ. कुमार विश्वास ने नफरत की हिंसा में शहीद हुए पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की तस्वीर के साथ एक कविता Tweet की है, जो कि इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है।

डॉ. कुमार विश्वास ने लिखा है...
अपनी कविता में डॉ. कुमार विश्वास ने लिखा है कि...
लुटे सियासत की मंडी में और झूठी रुसवाई में ,
जाने कितना वक़्त लगेगा रिश्तों की तुरपाई में...!
सत्ता के लिए ये नेता कुछ भी कर सकते हैं !
अंधभक्तो जाग जाओ, देश के सौहार्द्र को आग मत लगाओ !
नहीं तो कुछ नहीं बचेगा इन नरभक्षियों की दुकानों के अलावा...

पुलिस पर बरसा लोगों का गुस्सा
बता दें कि यूपी के बुलंदशहर के स्याना तहसील के गांव महाव में सोमवार सुबह गोवंश अवशेष मिलने पर पुलिस, हिंदूवादी संगठनों और ग्रामीणों में जमकर टकराव हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने चिंगरावठी चौकी के पास सड़क पर जाम लगा दिया, जिसके बाद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पथराव करना शुरू कर दिया, भीड़ ने चौकी के बाहर खड़े पुलिस के दर्जनों वाहनों में आग लगा दी।

अखलाक मामले में भी जांच अधिकारी थे इं. सुबोध कुमार
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने हवाई फायरिंग की, इस पर ग्रामीणों ने सुबोध कुमार पर हमला बोल दिया और इसी सब में एक गोली कोतवाल सुबोध और एक युवक सुमित को लगी जिसमें दोनो की मौत हो गई, इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली गोकशी की और दूसरी हिंसा की। गौरतलब है कि भीड़ की हिंसा का शिकार हुए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह 2015 में दादरी में मॉब लिंचिंग में मारे गए अखलाक मामले में भी जांच अधिकारी थे।












Click it and Unblock the Notifications