दिल्ली में केजरीवाल की कोई दिलचस्पी नहीं, लांच पैड की तरह कर रहे हैं यूज़: योगेंद्र यादव
नई दिल्ली। एक समय अरविंद केजरीवाल बेहद करीबी रह चुके और स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। योगेंद्र यादव ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में सरकार चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं रही है। इतना ही नहीं योगेंद्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली को दूसरे राज्यों में जाने के लिए लॉन्च पैड की तरह इस्तेमाल कर रही है।

योगेंद्र यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी का फोकस दिल्ली से बाहर है और केजरीवाल दिल्ली के संसाधनों का इस्तेमाल अपनी पार्टी के प्रसार के लिए कह रहे हैं। योगेन्द्र यादव का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने मन बना लिया है कि दिल्ली में अब उनके लिए कुछ नहीं बचा है।
दिल्ली को बुरे हाल में छोड़ केजरीवाल करते हैं बाहरी दौरा
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाहरी दौरे पर भी योगेंद्र यादव ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल शासन पर कम विवादों में ज्यादा ध्यान देते हैं और दिल्ली की जनता को बुरे हाल में छोड़ दूसरे राज्यों का दौरा करते हैं। यादव ने कहा कि जिस वक्त दिल्ली की जनता डेंगू व चिकनगुनिया की मार झेल रही थी उस दौरान दिल्ली में सरकार का कोई मंत्री मौजूद नहीं था।
MCD चुनाव लड़ना चाहती है योगेंद्र यादव की पार्टी
योगेंद्र यादव ने घोषणा किया है कि उनकी नई पार्टी स्वराज इंडिया एमसीडी चुनाव लड़ना चाहती है। इतना ही नहीं योगेंद्र ने यह भी दावा किया है कि उसकी 200 वार्डों में मौजूदगी है। योगेंद्र यादव ने कहा कि वे दिल्ली एमसीडी चुनाव लड़ने पर सक्रियता से विचार कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के उनके कुछ बहुत ही अच्छे कार्यकर्ता दिल्ली से आते हैं। उनके कार्यकर्ताओं का सबसे अधिक आधार दिल्ली में है।












Click it and Unblock the Notifications